जखनिया (गाजीपुर) : 2027 में प्रचंड बहुमत से बनेगी एनडीए की सरकार : डॉ. अरविंद राजभर

2027 में प्रचंड बहुमत से बनेगी एनडीए की सरकार : डॉ. अरविंद राजभर
बूथ अध्यक्षों व सेक्टर प्रभारियों के सम्मेलन में बोले सुभासपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव—संगठन की मजबूती ही जीत का आधार

जखनिया (गाजीपुर)। जखनिया विधानसभा क्षेत्र के शांति मैरिज हॉल में सोमवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के बूथ अध्यक्षों एवं सेक्टर प्रभारियों का विशाल सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं पूर्व राज्य मंत्री डॉ. अरविंद राजभर मुख्य अतिथि तथा जखनिया विधायक बेदी राम विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। सम्मेलन में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों से सैकड़ों की संख्या में बूथ अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संगठन की मजबूती से ही तय होगी जीत : डॉ. अरविंद राजभर
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. अरविंद राजभर ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। बूथ स्तर तक संगठन जितना मजबूत होगा, चुनाव में सफलता की संभावना उतनी ही अधिक होगी। जखनिया विधानसभा क्षेत्र में बूथ अध्यक्षों एवं सेक्टर प्रभारियों की मौजूदगी और कार्यकर्ताओं का उत्साह यह दर्शाता है कि सुभासपा पूरी मजबूती के साथ चुनावी तैयारियों में जुटी है।
उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सुभासपा और एनडीए गठबंधन शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रचंड बहुमत हासिल करेगा और प्रदेश में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी प्रदेश की 83 सीटों पर अपनी कार्ययोजना के तहत संगठन को मजबूत करने में जुटी है। आने वाले समय में बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर चुनावी तैयारियों को और गति दी जाएगी।
गांव-गांव पहुंचाएं सरकार की उपलब्धियां
डॉ. अरविंद राजभर ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को केवल चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का भी जिक्र करते हुए कहा कि यदि अप्रैल में विधानसभा चुनाव होते हैं तो नवंबर में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होने की संभावना है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को अभी से तैयारियों में जुट जाना चाहिए। उन्होंने लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा कि गाजीपुर जनपद की सभी जिला पंचायत सीटों पर पार्टी को जीत दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत लगानी होगी, ताकि जिला पंचायत अध्यक्ष का पद भी सुभासपा के खाते में आए।
सरकारी विद्यालयों में हाईटेक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर
शिक्षा के क्षेत्र में पार्टी की आगामी योजनाओं की चर्चा करते हुए डॉ. अरविंद राजभर ने कहा कि सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए ऐसा ढांचा तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे सरकारी स्कूलों में भी निजी विद्यालयों की तरह आधुनिक एवं हाईटेक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उनका जोर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ ही विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर रहा।
उन्होंने कहा कि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए शादी अनुदान की राशि को एक लाख रुपये से बढ़ाकर पांच लाख रुपये किए जाने का भी पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी 10 सितंबर की समीक्षा बैठक के लिए अभी से तैयार रहने का आह्वान किया।
जखनिया को विकास की नई दिशा देने का दावा
विशिष्ट अतिथि एवं जखनिया विधायक बेदी राम ने कहा कि जखनिया विधानसभा क्षेत्र को पिछड़ेपन से निकालकर विकास की नई दिशा में ले जाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में पहले बिजली, सड़क सहित बुनियादी सुविधाओं का अभाव था, वहां विकास कार्य पहुंचाए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है और जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं।
विधायक ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ तथाकथित लोग उनकी छवि को धूमिल करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से ऐसे लोगों से सावधान रहने और किसी भी तरह के भ्रामक प्रचार से बचने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी एकजुटता बनाए रखते हुए संगठन को बूथ स्तर पर और मजबूत करने का आह्वान किया।
एकजुटता के साथ 2027 की तैयारी का संकल्प
सम्मेलन में नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से बूथवार रणनीति तैयार करने, मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने और संगठन की गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नेताओं ने एकजुट होकर 2027 में एनडीए को प्रचंड बहुमत दिलाने का संकल्प भी दोहराया।कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक बेदी राम ने की, जबकि संचालन सुरेंद्र राजभर ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलिराज राजभर, राष्ट्रीय सचिव शक्ति सिंह, अनुसूचित प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रितेश कुमार, प्रदेश महासचिव पंकज दुबे, जिलाध्यक्ष लल्लन राजभर, सुदामा राजभर, डॉ. रामदरस राजभर, बलवंत राजभर, गुड्डू अंसारी, लालसा बासफोर, जगदीश राजभर, विधायक प्रतिनिधि अरविंद राजभर, शीला राजभर, जितेंद्र राजभर और सावित्री सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



