Breaking Newsभारत

हरिशंकरी रोपण अभियान में शिक्षकों की अहम भूमिका, प्राथमिक शिक्षक संघ ने संभाली जिम्मेदारी

हरिशंकरी रोपण अभियान में शिक्षकों की अहम भूमिका, प्राथमिक शिक्षक संघ ने संभाली जिम्मेदारी

गोरखपुर। हरिशंकरी रोपण अभियान को सफल बनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विकास भवन स्थित सभागार में मुख्य विकास अधिकारी गोरखपुर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, गायत्री परिवार तथा प्राथमिक शिक्षक संगठन के प्रतिनिधियों के साथ जिला वन अधिकारी एवं जिले के अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में हरिशंकरी रोपण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक पौधरोपण सुनिश्चित करने में शिक्षकों और सामाजिक संगठनों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिले एवं सभी विकासखंडों के अध्यक्ष, मंत्री तथा पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग करते हुए अभियान में सक्रिय सहयोग और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आश्वासन दिया।
अभियान के बेहतर संचालन एवं समन्वय के लिए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेश धर दूबे, मांडलिक मंत्री ज्ञानेंद्र ओझा तथा कैंपियरगंज अध्यक्ष डा. आशुतोष मिश्र को जिला संयोजन टीम में दायित्व सौंपा गया। इसके साथ ही विभिन्न विकासखंडों में गठित टीमों में संगठन के अध्यक्ष, मंत्री एवं पदाधिकारियों को ब्लॉक संयोजन की जिम्मेदारी दी गई।
इसी क्रम में शिक्षक संघ कैंपियरगंज के संयुक्त मंत्री डा. जोखन पाण्डेय को टीम-बी का संयोजक बनाया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि हरिशंकरी पौधरोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित अभियान नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरा-भरा वातावरण उपलब्ध कराने की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा पौधों के संरक्षण और देखभाल पर भी विशेष ध्यान देने पर जोर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button