गोरखपुर में काली पट्टी बांधकर सपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

गोरखपुर में काली पट्टी बांधकर सपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर गोरखपुर विश्वविद्यालय के सामने स्थित पंत पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में काली पट्टी बांधकर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया और जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, बढ़ती महंगाई और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई है। पेपर लीक के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
सपा नेताओं ने कहा कि जिस तरह जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर पेपर लीक के मुद्दे को उठाया गया, उससे साफ है कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। इन्हीं मुद्दों को लेकर शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया गया है।
सपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से समय से पहुंचने की अपील की थी। उन्होंने बताया था कि कार्यकर्ता पंत पार्क के पास एकत्र होकर शांतिपूर्ण ढंग से जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचेंगे और जनहित के मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे।
सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आने वाले समय में पार्टी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।



