Breaking Newsभारत

छात्रों की समस्याओं का समाधान डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता केशव प्रसाद मौर्या

छात्रों की समस्याओं का समाधान डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता केशव प्रसाद मौर्या

पेपर लीक पर सख्त कानून, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए सरकार प्रतिबद्ध उपमुख्यमंत्री

प्रतियोगी छात्रों के सुझावों के आधार पर सरकार करेगी आवश्यक निर्णय

लखनऊ/प्रयागराज:7 अगस्त 2026

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में आयोजित ‘छात्रों की बात, युवाओं के साथ’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार प्रतियोगी छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों के सुझाव सरकार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और उन्हें पूरी गंभीरता से लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए केंद्र सरकार ने कड़ा कानून बनाया है। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से किए गए वादे के अनुरूप परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। सरकार की मंशा है कि किसी भी परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक न हो, अधियाचन समय पर भेजे जाएं, परीक्षाएं निर्धारित समय पर संपन्न हों तथा परिणाम भी समयबद्ध ढंग से घोषित किए जाएं, ताकि युवाओं को अनावश्यक प्रतीक्षा और मानसिक तनाव का सामना न करना पड़े।

श्री मौर्य ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े छात्रों को व्यवहारिक कठिनाइयों का सबसे अधिक अनुभव होता है। इसलिए उनके सुझाव सरकार के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे अपनी समस्याएं एवं सुझाव लिखित रूप में अथवा ई-मेल के माध्यम से भी उपलब्ध कराएं। सरकार प्रत्येक सुझाव का अध्ययन कर उसके समाधान का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि प्राप्त सुझावों पर मुख्यमंत्री जी के साथ कैबिनेट स्तर पर भी चर्चा की जाएगी और जहां आवश्यक होगा वहां नीतिगत निर्णय लिए जाएंगे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा देश और प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। जिस देश का युवा विकास यात्रा में सहभागी नहीं बनता, वह देश प्रगति नहीं कर सकता। प्रतियोगी छात्र केवल अपने परिवार का ही नहीं बल्कि राष्ट्र और समाज के भविष्य का भी निर्माण करते हैं। इसलिए उनकी ऊर्जा और प्रतिभा का सही दिशा में उपयोग सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। सरकार छात्रों की वास्तविक समस्याओं का समाधान चाहती है और इसी भावना से संवाद स्थापित किया जा रहा है।

श्री मौर्य ने कहा कि प्रयागराज प्रतियोगी छात्रों का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां से तैयारी कर अनेक युवाओं ने प्रशासनिक एवं अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं में सफलता प्राप्त कर देश की सेवा की है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा पारदर्शी और विश्वासपूर्ण वातावरण तैयार करना है, जिसमें प्रत्येक प्रतिभाशाली युवा अपनी मेहनत के बल पर आगे बढ़ सके।

उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों से आग्रह किया कि वे अपनी सभी समस्याएं, सुझाव एवं मांगें लिखित रूप में उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बिंदु का गंभीरतापूर्वक परीक्षण किया जाएगा तथा संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि युवाओं के हितों की रक्षा तथा भर्ती एवं परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और विश्वसनीय बनाने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रभावी कदम उठाती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button