संयुक्त समायोजित शिक्षक संघ ने एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह का किया भव्य स्वागत

संयुक्त समायोजित शिक्षक संघ ने एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह का किया भव्य स्वागत
गोरखपुर। संयुक्त समायोजित शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) देवेंद्र प्रताप सिंह के आवास पर पहुंचकर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर संघ के प्रतिनिधियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया तथा शिक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारियों ने समायोजित शिक्षकों की समस्याओं और विशेष रूप से शिक्षा मित्र से शिक्षक बने साथियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। इस दौरान एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षा मित्रों से शिक्षक बने साथियों की मांग पूरी तरह न्यायसंगत है और उन्होंने इस विषय को सरकार के समक्ष मजबूती से रखने का आश्वासन दिया।
एमएलसी ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया है तथा सरकार से आग्रह किया है कि शिक्षा मित्र से शिक्षक बने कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए और इस दिशा में हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
संयुक्त समायोजित शिक्षक संघ के मंडल अध्यक्ष रमेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि संगठन लंबे समय से समायोजित शिक्षकों के अधिकारों के लिए संघर्षरत है और पुरानी पेंशन बहाली उनकी प्रमुख मांगों में शामिल है। वहीं जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र शुक्ला एवं जिला मंत्री अजय सिंह ने एमएलसी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों की आवाज सदन तक पहुंचाने के लिए उनका सहयोग सराहनीय है।
स्वागत कार्यक्रम में मंडल मीडिया प्रभारी पंकज पाण्डेय, धनेश सिंह, शिवप्रसाद शर्मा,प्रदीप सिंह, सुनील शर्मा, अखंड प्रताप मिश्र, संदीप सिंह गुरुचरण,सुरेश सिंह,उमा नाथ चौरसिया, नित्यानंद यादव, शिवकुमार सहित संयुक्त समायोजित शिक्षक संघ के दर्जनों शिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा सभी ने शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।



