गाजीपुर : प्रदेश स्तरीय महिला खेल प्रतियोगिताओं के लिए गाजीपुर में खो-खो ट्रायल संपन्न, जूनियर बालिका फुटबॉल चयन 6 अगस्त को

प्रदेश स्तरीय महिला खेल प्रतियोगिताओं के लिए गाजीपुर में खो-खो ट्रायल संपन्न, जूनियर बालिका फुटबॉल चयन 6 अगस्त को
33 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, 10 खिलाड़ियों का मंडलीय ट्रायल के लिए चयन; फुटबॉल ट्रायल में भाग लेने के लिए खेल विभाग ने जारी की सूचना

गाजीपुर। प्रदेश स्तरीय महिला खेल समारोह के अंतर्गत आयोजित होने वाली खो-खो प्रतियोगिता के लिए मंगलवार को नेहरू स्टेडियम, गोराबाजार में जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल का आयोजन जिला खेल कार्यालय गाजीपुर तथा जिला खो-खो एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। ट्रायल में जनपद की 33 महिला खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता के लिए आयोजित चयन प्रक्रिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 10 खिलाड़ियों का चयन मंडलीय ट्रायल के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ी 6 अगस्त 2026 को प्रातः 9 बजे डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल, लालपुर (वाराणसी) में आयोजित मंडलीय चयन एवं ट्रायल में प्रतिभाग करेंगी। इसके बाद चयनित टीम 11 से 13 अगस्त 2026 तक जौनपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय महिला खो-खो प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।चयन प्रक्रिया के दौरान खो-खो प्रशिक्षक राधेश्याम सिंह यादव, प्रेमचंद यादव, योगेंद्र सिंह तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद की विशेष उपस्थिति रही। उनके मार्गदर्शन एवं देखरेख में ट्रायल शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।वहीं, प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन एवं ट्रायल 6 अगस्त 2026 को प्रातः 10 बजे नेहरू स्टेडियम, गोराबाजार में आयोजित किया जाएगा। इच्छुक बालिका खिलाड़ी उसी दिन प्रातः 9:30 बजे तक अपनी प्रविष्टि दर्ज करा सकती हैं। जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी 7 अगस्त 2026 को वाराणसी के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिगरा में आयोजित मंडलीय चयन ट्रायल में प्रतिभाग करेंगी। प्रदेश स्तरीय जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता 10 से 17 अगस्त 2026 तक स्पोर्ट्स स्टेडियम, अमेठी में आयोजित होगी।जिला खेल कार्यालय ने बताया कि ट्रायल में भाग लेने वाली खिलाड़ियों को फोटोयुक्त पात्रता प्रमाण-पत्र, प्रधानाचार्य द्वारा प्रमाणित आयु प्रमाण-पत्र तथा आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा। जूनियर बालिका फुटबॉल वर्ग में भाग लेने वाली खिलाड़ियों की जन्मतिथि 1 जनवरी 2011 से 31 दिसंबर 2012 के बीच होना आवश्यक है।



