गाजीपुर : ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर डीएम का जोर, स्वयं सहायता समूहों को योजनाओं से जोड़ने के दिए निर्देश

ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर डीएम का जोर, स्वयं सहायता समूहों को योजनाओं से जोड़ने के दिए निर्देश
सैदपुर व देवकली में आयोजित कार्यशाला में समूह की महिलाओं से किया संवाद, ग्राम प्रशासकों को प्रशस्ति पत्र एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को ग्रोथ डिवाइस किट वितरित

गाजीपुर। दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को विकास खंड सैदपुर एवं देवकली में कार्यशाला एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने की, जबकि मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद विशेष रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से सीधे संवाद कर उनके कार्यों एवं आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली तथा उन्हें और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करते हुए आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं एवं जरूरतमंद परिवारों को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक उन्नति का मजबूत माध्यम हैं। समूहों को बैंक ऋण, प्रशिक्षण, स्वरोजगार गतिविधियों एवं अन्य योजनाओं से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र परिवार का सर्वेक्षण कर उन्हें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की योजनाओं से जोड़ा जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। साथ ही स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग, विपणन एवं बिक्री की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया, ताकि ग्रामीण महिलाओं को स्थायी रोजगार एवं बेहतर आय के अवसर मिल सकें।कार्यक्रम में सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। सैदपुर विकास खंड में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रशासकों को जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया, जबकि देवकली विकास खंड में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को चिल्ड्रेन ग्रोथ डिवाइस किट वितरित की गई।कार्यशाला में स्वयं सहायता समूहों के गठन, बैंक लिंकेज, आजीविका गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, स्वरोजगार योजनाओं एवं अन्य लाभार्थीपरक योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाने के संबंध में आवश्यक सुझाव भी साझा किए।इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सैदपुर, खंड विकास अधिकारी देवकली, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े अधिकारी, कर्मचारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



