गाजीपुर : राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर नंदगंज में नव निर्मित हथकरघा कारखाने का उद्घाटन

राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर नंदगंज में नव निर्मित हथकरघा कारखाने का उद्घाटन
डीएम अनुपम शुक्ला ने कौशल उन्नयन प्रशिक्षण का किया शुभारंभ, प्रशिक्षित बुनकरों को वितरित की प्रशिक्षण किट

गाजीपुर, 03 अगस्त। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर जनपद के हथकरघा उद्योग को नई दिशा देने की पहल करते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने नंदगंज औद्योगिक क्षेत्र में नव निर्मित हथकरघा कारखाने का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में बुनकरों के हित में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया तथा उनके कौशल विकास और आत्मनिर्भरता पर विशेष बल दिया गया।समारोह के दौरान हथकरघा बुनकरों के लिए कौशल उन्नयन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से बुनकरों को आधुनिक तकनीक, नवीन डिजाइनों, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन तथा बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे अपनी उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ आय में भी वृद्धि कर सकें।इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि हथकरघा उद्योग स्थानीय रोजगार और पारंपरिक हस्तशिल्प को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि बुनकरों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के साथ-साथ उनके उत्पादों के बेहतर विपणन की व्यवस्था करना भी आवश्यक है, ताकि उन्हें उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिल सके और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकें।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हथकरघा बुनकरों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाया जाए तथा उनके उत्पादों की मार्केटिंग के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता से बुनकरों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके बुनकरों को जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण किट वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर उद्योग विभाग के अधिकारी, हथकरघा विभाग के प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में हथकरघा बुनकर, उद्यमी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में पारंपरिक हथकरघा उद्योग के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प भी दोहराया गया।



