गाजीपुर : साइबर सेल की तत्परता से गेमिंग फ्रॉड के 1.10 लाख रुपये पीड़िता को मिले वापस

साइबर सेल की तत्परता से गेमिंग फ्रॉड के 1.10 लाख रुपये पीड़िता को मिले वापस
कोर्ट के आदेश पर साइबर सेल ने पीड़िता के खाते में कराई धनराशि वापस, साइबर हेल्पलाइन 1930 पर तत्काल शिकायत करने की अपील
गाजीपुर, 31 जुलाई। जनपदीय साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से गेमिंग के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हुई एक महिला को 1,10,000 रुपये की धनराशि वापस दिलाई गई।पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली क्षेत्र निवासी रीना चौहान, पत्नी संतोष चौहान, गेमिंग के नाम पर यूपीआई के माध्यम से साइबर ठगी का शिकार हो गई थीं। घटना के तुरंत बाद उन्होंने साइबर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।शिकायत प्राप्त होते ही जनपदीय साइबर सेल ने सक्रियता दिखाते हुए फ्रॉड की गई 1.10 लाख रुपये की धनराशि को होल्ड कराया। बाद में न्यायालय के आदेश के क्रम में कोर्ट ऑर्डर के माध्यम से पूरी धनराशि सुरक्षित रूप से पीड़िता के बैंक खाते में वापस करा दी गई।धनराशि वापस मिलने पर रीना चौहान ने गाजीपुर साइबर सेल और पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी त्वरित कार्रवाई की सराहना की।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि वे किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड का शिकार हों तो बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि को होल्ड कराकर वापस दिलाया जा सके। साइबर सेल की इस कार्रवाई में प्रभारी साइबर सेल एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


