Breaking Newsभारत

गोरखपुर : थमी थीं सांसें… तिवारीपुर पुलिस ने 7 घंटे में लौटा दी दो परिवारों की खुशियां

ब्रेकिंग गोरखपुर

थमी थीं सांसें… तिवारीपुर पुलिस ने 7 घंटे में लौटा दी दो परिवारों की खुशियां

सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज, रातभर की कड़ी मेहनत और पुलिस की सूझबूझ से खलीलाबाद रेलवे स्टेशन से सकुशल मिले दोनों मासूम

गोरखपुर। बच्चों के साथ लगातार हो रही घटनाओं के बीच गोरखपुर की तिवारीपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 7 घंटे में दो लापता बच्चों को सकुशल बरामद कर दो परिवारों की खुशियां वापस लौटा दीं।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10:30 बजे तिवारीपुर थाने को सूचना मिली कि सिधारीपुर दरियाचक निवासी अफजल का 13 वर्षीय पुत्र फरहान अपने दोस्त अरमान के साथ दोपहर करीब 3 बजे घर से निकला था, जिसके बाद दोनों का कोई पता नहीं चला।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सूर्यविहार चौकी प्रभारी पंकज कुमार को तत्काल तलाश अभियान शुरू करने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने रातभर सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मिले सुरागों के आधार पर जीआरपी गोरखपुर के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाया।

लगातार प्रयासों के बाद दोनों बच्चे फरहान (पुत्र अफजल) और अरमान (पुत्र अकबर, निवासी इस्लामिक नगर, थाना गोरखनाथ) को खलीलाबाद रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया।
बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने तिवारीपुर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी, लेकिन पुलिस ने उनके बच्चों को सुरक्षित लौटाकर उनकी खुशियां वापस लौटा दीं।

तिवारीपुर पुलिस की इस संवेदनशील, त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि सतर्क पुलिसिंग, त्वरित निर्णय और बेहतर टीमवर्क से बड़ी चुनौतियों का भी सफलतापूर्वक सामना किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button