गाजीपुर : जौहर विश्वविद्यालय के भवनों को गिराने के आदेश के विरोध में सपा अल्पसंख्यक सभा का प्रदर्शन

जौहर विश्वविद्यालय के भवनों को गिराने के आदेश के विरोध में सपा अल्पसंख्यक सभा का प्रदर्शन
राज्यपाल के नाम चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर ध्वस्तीकरण आदेश वापस लेने की मांग

गाजीपुर, 27 जुलाई। समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सोमवार को जिलाध्यक्ष तौकीर खां के नेतृत्व में जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर के 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने के आदेश के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार ज्योति सिंह को सौंपते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई तत्काल रोकने की मांग की।इस अवसर पर जिलाध्यक्ष तौकीर खां ने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय के भवनों को गिराने का आदेश छात्र-नौजवानों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था पर सीधा प्रहार है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई राजनीतिक द्वेष और बदले की भावना से प्रेरित है। उनका कहना था कि यदि भवनों में कोई तकनीकी खामी है तो उसका समाधान न्यायिक एवं विधिसम्मत प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए, न कि ध्वस्तीकरण जैसी कठोर कार्रवाई से।उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की नीतियों से छात्रों और शिक्षा व्यवस्था को लगातार नुकसान पहुंच रहा है तथा शिक्षा संस्थानों के प्रति अपनाया जा रहा रवैया चिंताजनक है। उन्होंने मांग की कि जौहर विश्वविद्यालय के भवनों को ध्वस्त करने का आदेश तत्काल निरस्त किया जाए और शिक्षा तथा छात्रों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।प्रदर्शन के उपरांत समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार ज्योति सिंह को सौंपा।इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, रणजीत यादव, आमिर अली, मदन यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, शमशेर, टी.के. खां, सरफराज प्रधान, परवेज सभासद, अकबर अहमद, दिलशाद मिट्ठू, मेराज खां, सद्दाम, एजाज, डॉ. समीर सिंह, अमित ठाकुर, फिरोज जमाल, सोनू खां, आरिफ खां सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



