गाजीपुर : प्लेस ऑफ सेफ्टी व सम्प्रेक्षण गृह का औचक निरीक्षण

प्लेस ऑफ सेफ्टी व सम्प्रेक्षण गृह का औचक निरीक्षण
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने भोजन, स्वच्छता, स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

गाजीपुर, 23 जुलाई।माननीय उच्च न्यायालय की किशोर न्याय समिति, इलाहाबाद के निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार को सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाजीपुर नीरज गोंड ने राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी एवं राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर), गाजीपुर का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान दोनों संस्थानों में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित मिले। उपस्थिति पंजिका के अनुसार सभी आवासित किशोर उपस्थित पाए गए। सचिव ने संस्थान में उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया तथा बच्चों के रहन-सहन, भोजन, स्वास्थ्य एवं शिक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन, नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त कपड़ों की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य परीक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही बच्चों को प्रतिदिन शारीरिक गतिविधियों में शामिल करने एवं उनकी नियमित शिक्षा की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।निरीक्षण के दौरान किसी भी आवासित किशोर ने किसी प्रकार के उत्पीड़न अथवा अन्य समस्या की शिकायत नहीं की। सचिव ने संबंधित अधिकारियों को बच्चों के बेहतर संरक्षण एवं सर्वांगीण विकास के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।



