गाजीपुर : मुख्तार अंसारी गिरोह के शस्त्र लाइसेंसों की जांच तेज, अफशां बेगम समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मुख्तार अंसारी गिरोह के शस्त्र लाइसेंसों की जांच तेज, अफशां बेगम समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
आईएस-191 गैंग से जुड़े शस्त्रों के सत्यापन में अनियमितता उजागर, अभिलेख गायब कराने और हथियार की वर्तमान स्थिति स्पष्ट न होने पर कार्रवाई
गाजीपुर। जनपद में कुख्यात माफिया मुख्तार अंसारी के आईएस-191 गिरोह के सदस्यों एवं सहयोगियों को जारी शस्त्र लाइसेंसों की जांच लगातार तेज होती जा रही है। पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशां बेगम तथा तत्कालीन शस्त्र शाखा के दो पटल सहायकों के विरुद्ध कोतवाली थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस के अनुसार, आईएस-191 गिरोह के सदस्यों एवं सहयोगियों को जारी 51 शस्त्र लाइसेंसों पर खरीदे गए विभिन्न हथियारों का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। इसके लिए अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। जांच के दौरान उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों सहित अन्य राज्यों में जाकर शस्त्र लाइसेंसों एवं हथियारों का सत्यापन किया जा रहा है।जांच के दौरान कई हथियारों की वर्तमान स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी तथा शस्त्रों की खरीद-फरोख्त में अनियमितताओं के तथ्य सामने आए। साथ ही संबंधित शस्त्र लाइसेंसों की मूल पत्रावलियां एवं क्रय-विक्रय अभिलेख जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के अभिलेखागार से गायब पाए गए।इसी क्रम में जांच में यह तथ्य प्रकाश में आया कि अफशां बेगम को जारी शस्त्र लाइसेंस संख्या 1054/पी-11 से संबंधित मूल अभिलेख एवं क्रय-विक्रय पत्रावली कथित रूप से षड्यंत्रपूर्वक अभिलेखागार से गायब करा दी गई। वहीं उक्त लाइसेंस पर खरीदे गए एनपीबी रिवाल्वर संख्या एबीएम-4299 की वर्तमान स्थिति भी स्पष्ट नहीं हो सकी।इन तथ्यों के आधार पर थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 540/2026 के तहत अफशां बेगम, तत्कालीन प्रथम पटल सहायक बृजनारायण राम (सेवानिवृत्त, मृतक) तथा द्वितीय पटल सहायक भीष्म सिंह यादव के विरुद्ध धारा 409, 120बी, 419 भारतीय दंड संहिता एवं 21/25/30 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।पुलिस विभाग ने बताया कि आईएस-191 गिरोह से जुड़े अन्य शस्त्र लाइसेंसों और हथियारों का सत्यापन अभी जारी है। जांच के दौरान जहां-जहां अनियमितताएं सामने आएंगी, वहां संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी। जनपद पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध और माफिया तंत्र के विरुद्ध यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।



