शाही ग्लोबल हॉस्पिटल ने सीनियर सिटीजन केयर सेंटर में लगाया स्वास्थ्य जांच शिविर

शाही ग्लोबल हॉस्पिटल ने सीनियर सिटीजन केयर सेंटर में लगाया स्वास्थ्य जांच शिविर

गोरखपुर। गोरखपुर क्लब के सामने तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के निकट स्थित सीनियर सिटीजन केयर सेंटर में शाही ग्लोबल हॉस्पिटल, तारामंडल, गोरखपुर द्वारा स्वास्थ्य जांच एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
सीनियर सिटीजन केयर सेंटर गोरखपुर नगर निगम द्वारा संचालित एक अत्याधुनिक सुविधा-संपन्न केंद्र है, जहां प्रतिदिन शहर के वरिष्ठ नागरिक दिनभर अपना समय बिताने आते हैं और शाम को अपने घर वापस लौटते हैं।
आज के समय में कई वरिष्ठ नागरिक सेवानिवृत्ति के बाद घर पर अकेलेपन का सामना करते हैं। ऐसे में यह केंद्र उनके लिए एक सुरक्षित, स्वस्थ और आनंदपूर्ण वातावरण प्रदान करता है। यहां वरिष्ठ नागरिक योग, भजन-कीर्तन, कैरम, बोर्ड गेम्स, टेबल टेनिस, पुस्तकालय तथा अन्य मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेते हैं। इन सुविधाओं के कारण उनका दिन स्वस्थ, सक्रिय और प्रसन्नतापूर्वक व्यतीत होता है।
यह केंद्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज के वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और सम्मानपूर्ण जीवन के सपने को धरातल पर साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
शिविर के दौरान शाही ग्लोबल हॉस्पिटल के चिकित्सकों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई तथा आवश्यकता के अनुसार दवाइयों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. शिव शंकर शाही, निदेशक, शाही ग्लोबल हॉस्पिटल, तारामंडल, गोरखपुर; उनकी धर्मपत्नी डॉ. सीमा शाही; वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. बाल गोविंद सिंह; डीएम कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राजू केथावत; डीएम न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. त्र्यम्बक पांडेय; वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सौरव सिंह सहित शाही ग्लोबल हॉस्पिटल के चिकित्सक, तकनीशियन एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ. शिव शंकर शाही ने कहा, “आज वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण करके मैं स्वयं को बहुत गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। ये हमारे समाज के ऐसे शिक्षित और अनुभवी लोग हैं, जिन्होंने देश को आगे बढ़ाने में अपने-अपने क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इन्होंने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा समाज और देश की सेवा में लगाया है। अब हमारा भी दायित्व है कि जीवन के इस पड़ाव पर हम इनके साथ खड़े हों और इनकी सेवा करें।”
उन्होंने कहा कि कोई भी वरिष्ठ नागरिक शाही ग्लोबल हॉस्पिटल में बिना पूर्व नंबर और बिना किसी शुल्क के सीधे चिकित्सकों से परामर्श ले सकता है। आवश्यकता पड़ने पर उनके उपचार में भी यथासंभव सहायता की जाएगी।
शाही ग्लोबल हॉस्पिटल द्वारा आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का एक सराहनीय उदाहरण रहा।



