गाजीपुर : ‘ऑपरेशन सेफ फ्यूचर’ के तहत गाजीपुर में बड़ी कार्रवाई, 8 स्कूली वाहन सीज, 40 के चालान

‘ऑपरेशन सेफ फ्यूचर’ के तहत गाजीपुर में बड़ी कार्रवाई, 8 स्कूली वाहन सीज, 40 के चालान
परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम का अभियान जारी, सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर होगी सख्त कार्रवाई

गाजीपुर, 08 जुलाई। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा 1 से 15 जुलाई तक संचालित विशेष अभियान “ऑपरेशन सेफ फ्यूचर” के तहत बुधवार को परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने जनपद गाजीपुर में स्कूली वाहनों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर 8 स्कूली वाहनों को सीज किया गया तथा 40 वाहनों का चालान किया गया।अभियान अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात एवं सड़क सुरक्षा) के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के पर्यवेक्षण में चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराना है।
संयुक्त टीम ने थाना कोतवाली क्षेत्र के महराजगंज, नंदगंज तथा जंगीपुर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान स्कूली वाहनों के दस्तावेज, फिटनेस, परमिट, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, जीपीएस, सीसीटीवी, स्पीड गवर्नर सहित अन्य अनिवार्य सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई।एआरटीओ धनवीर यादव ने बताया कि निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई है। वहीं यातायात निरीक्षक बलेन्द्र कुमार ने कहा कि यह अभियान 15 जुलाई तक लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी अधिकारियों ने सभी स्कूल प्रबंधनों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने सभी वाहनों को शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित करें।



