धर्मभारत

त्योहारों में शांति व सौहार्द बनाए रखने को लेकर पीस कमेटी की बैठक

डीएम ने दिए पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने और भ्रामक खबरों पर रोक लगाने के निर्देश

त्योहारों में शांति व सौहार्द बनाए रखने को लेकर पीस कमेटी की बैठक

 

डीएम ने दिए पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने और भ्रामक खबरों पर रोक लगाने के निर्देश

गाजीपुर, 8 अक्टूबर। आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने तथा जनपद में साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में केंद्रीय पीस कमेटी की बैठक हुई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, संभ्रांत नागरिक एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में नागरिकों ने सड़क एवं विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान प्रशासन एवं पुलिस आपसी समन्वय के साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर ऐसी खबरों अथवा फोटो को प्रसारित न करें। यदि कोई भ्रामक सूचना प्राप्त होती है तो तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि उसकी जांच कर समय से आवश्यक कार्रवाई की जा सके।उन्होंने दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। पंडालों में अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री का प्रयोग न करने, प्रवेश एवं निकास के पर्याप्त मार्ग रखने, सड़क किनारे पंडाल न लगाने तथा रेत, पानी और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। संबंधित अधिकारियों को पंडालों का पूर्व निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की जांच करने के निर्देश दिए गए।डीएम ने कहा कि दुर्गा पूजा पंडाल के नाम पर कोई नई परंपरा शुरू न की जाए और पंडालों में अश्लील गाने न बजाए जाएं। महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था करने के साथ ही शासन के निर्देशों के अनुरूप त्योहार पारंपरिक तरीके से मनाने पर जोर दिया।उन्होंने नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को त्योहार के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल, विद्युत एवं साफ-सफाई की मुकम्मल व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को जर्जर तार एवं खंभों को दुरुस्त करने तथा विसर्जन मार्गों का विशेष निरीक्षण कर ढीले और लटके तारों को प्राथमिकता से ठीक कराने को कहा।महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वायड को सक्रिय रखने तथा विभिन्न पूजा पंडालों पर महिला सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए। क्षेत्राधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों को पीस कमेटी के सदस्यों और संभ्रांत नागरिकों से लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा गया।बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/शहरी, समस्त क्षेत्राधिकारी, संबंधित अधिकारी, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, धर्मगुरु तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button