Breaking Newsभारत

जखनियां (गाजीपुर) : जखनियां रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की उठी मांग

जखनियां रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की उठी मांग

मातृभूमि जखनिया सामाजिक संगठन ने स्टेशन की मूलभूत समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन, ट्रेनों के ठहराव से लेकर अंडरपास व यात्री सुविधाओं की मांग

जखनियां (गाजीपुर)। मातृभूमि जखनिया सामाजिक संगठन के सौजन्य से तथा मां अनंत आश्रम वेलफेयर ट्रस्ट, अलीपुर मदंरा के तत्वावधान में जखनियां रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार एवं आधारभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन संबंधित अधिकारियों को प्रेषित किया गया।ज्ञापन में कहा गया कि जखनियां रेलवे स्टेशन पूर्वोत्तर रेलवे का एक महत्वपूर्ण स्टेशन है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्री आवागमन करते हैं। इसके बावजूद स्टेशन पर कई आवश्यक सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। कोरोना काल के बाद अनेक ट्रेनें पुनः संचालित हो गईं, लेकिन जिन ट्रेनों का पहले जखनियां में ठहराव था, उनका स्टॉपेज अब तक बहाल नहीं किया गया है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।संगठन ने मांग की कि 15003/15004 कानपुर–गोरखपुर मेल एक्सप्रेस का जखनियां स्टेशन पर पूर्व की भांति ठहराव तत्काल बहाल किया जाए। इसके साथ ही 19489/19490 अहमदाबाद एक्सप्रेस का भी जखनियां स्टेशन पर स्टॉपेज सुनिश्चित किया जाए ताकि गुजरात, कानपुर एवं अन्य महानगरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिल सके।ज्ञापन में यह भी मांग उठाई गई कि 15111/15112 छपरा–वाराणसी सिटी इंटरसिटी एक्सप्रेस का सारनाथ स्टेशन पर नियमित ठहराव सुनिश्चित किया जाए, जिससे पूर्वांचल के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा प्राप्त हो सके।
संगठन ने स्टेशन पर व्याप्त अव्यवस्थाओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि प्लेटफार्म संख्या दो पर यात्री शेड, शौचालय, पेयजल, बैठने के लिए बेंच तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का अभाव है। बरसात एवं गर्मी के मौसम में यात्रियों को खुले आसमान के नीचे ट्रेन की प्रतीक्षा करनी पड़ती है, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को सबसे अधिक परेशानी होती है।ज्ञापन में दिव्यांग यात्रियों की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। कहा गया कि प्लेटफार्म संख्या दो तक जाने के लिए रैंप की व्यवस्था नहीं है, जिससे दिव्यांगजनों तथा बुजुर्ग यात्रियों को अत्यधिक कठिनाई का सामना करना पड़ता है। संगठन ने शीघ्र रैंप निर्माण की मांग की।इसके अतिरिक्त रेलवे पार्क की नियमित देखरेख, रेलवे द्वारा सब्जी मंडी तक बनाई गई जर्जर सड़क की मरम्मत, स्टेशन परिसर में वृक्षारोपण, स्वच्छ शौचालय एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने की भी मांग रखी गई।संगठन ने यह भी कहा कि भुड़कुंडा मार्ग स्थित पुरानी रेलवे केबिन के पास अंडरपास अथवा पैदल फुट ओवरब्रिज का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान में स्थानीय लोगों और यात्रियों को रेलवे लाइन पार कर आवागमन करना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। यदि यहां अंडरपास या फुट ओवरब्रिज बनाया जाता है तो हजारों लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।संगठन का कहना है कि जखनियां क्षेत्र के लाखों लोगों की रेल यात्रा इस स्टेशन पर निर्भर है। यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई होती है तो यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा स्टेशन का समुचित विकास भी संभव होगा।इस अवसर पर संगठन के संरक्षक नीरज सिंह अजेय ने कहा कि यात्रियों की सुविधाओं के लिए यह जनहित की पहल है और यदि आवश्यक हुआ तो आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाएगी।ज्ञापन कार्यक्रम में मातृभूमि संगठन के अध्यक्ष आरिफ अंसारी, उपाध्यक्ष मुकेश मौर्य, संतोष सिंह मुन्ना, मीडिया प्रभारी वेद प्रकाश पांडे, सुशील तिवारी, सत्यम चौबे, आदिल अंसारी, भूपेंद्र सिंह, प्रदीप पटेल, रामजी मिश्रा, आनंद यादव, विवेक वर्मा, विक्की गुप्ता, सहित संगठन के अनेक सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे। संगठन ने रेलवे प्रशासन से जनहित में सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button