
कानपुर प्रांत प्रचारक के भाई पर फायरिंग, बाल-बाल बचे रणजीत सिंह,घर के बाहर कुत्ते को खाना खिलाने के दौरान हुई घटना, पुलिस जांच में जुटी
जखनियां (गाजीपुर)।भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र के मंझनपुर कला गांव में गुरुवार रात उस समय सनसनी फैल गई जब कानपुर प्रांत प्रचारक श्री राम सिंह के भाई रणजीत सिंह पर अज्ञात हमलावरों द्वारा जानलेवा हमला करने का प्रयास किया गया। हमलावरों ने उन पर निशाना साधकर फायरिंग की, लेकिन संयोगवश गोली उन्हें नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब 8:45 बजे रणजीत सिंह अपने घर के बाहर कुत्ते को खाना खिला रहे थे। इसी दौरान गांव का एक व्यक्ति, जो मुर्गा काटने का कार्य करता है, वहां से गुजर रहा था। रणजीत सिंह उससे बातचीत करने लगे। बातचीत के बाद जैसे ही वह घर के अंदर प्रवेश कर गेट बंद करके पीछे हटे, उसी समय अज्ञात हमलावरों ने उन्हें लक्ष्य बनाकर फायर कर दिया। हालांकि गोली निशाने पर नहीं लगी और एक बड़ा हादसा टल गया।फायरिंग की आवाज सुनते ही परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद परिवार के सदस्य भयभीत हो गए और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। रणजीत सिंह ने तत्काल घटना की सूचना भुड़कुड़ा पुलिस को दी।सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र पांडेय एवं मंझनपुर चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है।गौरतलब है कि वर्ष 2007 में रणजीत सिंह के छोटे भाई की हत्या हो चुकी है। उस घटना के बाद प्रशासन द्वारा परिवार की सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। हालांकि कुछ समय से परिवार के सदस्य वहां नियमित रूप से नहीं रह रहे थे, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था हटा ली गई थी। पुराने घटनाक्रम को देखते हुए परिवार पहले से ही असुरक्षा की भावना से ग्रस्त था और ताजा घटना के बाद परिजनों में चिंता और भय और बढ़ गया है।इस संबंध में कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र पांडेय ने बताया कि फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। तथ्यों के आधार पर आवश्यक एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।



