गाजीपुर : फैमिली आईडी बनाने में लापरवाही पर रेवतीपुर बीडीओ का वेतन रोका

फैमिली आईडी बनाने में लापरवाही पर रेवतीपुर बीडीओ का वेतन रोका
सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी सख्त, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के दिए निर्देश
गाजीपुर, 25 जून। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड (दर्पण) आधारित शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।समीक्षा के दौरान फैमिली आईडी निर्माण की प्रगति पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों के माध्यम से अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों की फैमिली आईडी बनाना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में विकास खंड रेवतीपुर में फैमिली आईडी की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए खंड विकास अधिकारी रेवतीपुर का वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की फैमिली आईडी अब तक नहीं बनी है, उनकी सूची पंचायत सहायकों को उपलब्ध कराई जाए तथा विशेष अभियान चलाकर प्राथमिकता के आधार पर उनका पंजीकरण कराया जाए।जिलाधिकारी ने सभी विकास खंडों में फैमिली आईडी कार्य की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सभी खंड विकास अधिकारी प्रत्येक दो घंटे पर प्रगति की समीक्षा करते हुए इसकी सूचना प्राप्त करें।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की मासिक प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विभागीय योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए तथा कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित न रहने पाए।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने विभागीय कर्मचारियों के साथ नियमित समीक्षा बैठक कर समयबद्ध ढंग से कार्यों को पूरा कराने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं सभी खंड विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।



