लखनऊ : केंद्र ने यूपी को दी बड़ी सौगात, बढ़ेगी MSP खरीद की तारीख और मिलेंगे 6.18 लाख पीएम आवास

केंद्र ने यूपी को दी बड़ी सौगात, बढ़ेगी MSP खरीद की तारीख और मिलेंगे 6.18 लाख पीएम आवास
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज योजना भवन में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित उत्तर प्रदेश के ‘कृषि रोडमैप’ की महत्वपूर्ण बैठक में सहभाग किया। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार के बीच प्रदेश के कृषि और ग्रामीण विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दो महत्वपूर्ण स्वीकृति पत्र सौंपे। पहले निर्णय के तहत रबी विपणन वर्ष 2026–27 के लिए गेहूं, चना और मसूर की फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने की अवधि को बढ़ाकर 24 जून से 8 जुलाई, 2026 तक कर दिया गया है, जिससे किसानों को सीधे तौर पर लाभ होगा।
इसके साथ ही, ग्रामीण गरीबों को राहत देते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के नए चरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के लिए 6,18,482 पक्के आवासों की बड़ी स्वीकृति का अनुमोदन पत्र भी राज्य को सौंप दिया गया है। मुख्यमंत्री ने इन जनकल्याणकारी निर्णयों के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।


