गाजीपुर : गाजीपुर में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ, 12 वर्षों की उपलब्धियों का हो रहा प्रदर्शन

गाजीपुर में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ, 12 वर्षों की उपलब्धियों का हो रहा प्रदर्शन
जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से रूबरू हो रहे नागरिक, विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश की झलक दिखा रही प्रदर्शनी

गाजीपुर, 18 जून, 2026। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक संचालित समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, गाजीपुर द्वारा रायफल क्लब परिसर में आयोजित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने फीता काटकर किया।इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, पूर्व मंत्री विजय मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, युवा नेता अभिनव सिन्हा, जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी, भाजपा मीडिया प्रभारी शशिकांत, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न विभागों की उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को लैपटॉप वितरित किए तथा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई भी कराई।प्रदर्शनी में केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की विगत 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण ढंग से प्रदर्शित किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकार की योजनाओं और विकास यात्रा से अवगत कराना है।प्रदर्शनी में युवा, महिला, किसान, गरीब एवं वंचित वर्ग के कल्याण से जुड़ी योजनाओं के साथ उत्तर प्रदेश की आधारभूत संरचना, एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक कॉरिडोर, डिजिटल गवर्नेंस, हरित ऊर्जा, तकनीकी विकास एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाले कार्यक्रमों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। साथ ही श्रीराम जन्मभूमि मंदिर अयोध्या, श्री काशी विश्वनाथ धाम वाराणसी एवं महाकुंभ प्रयागराज सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण कार्य भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।प्रदर्शनी स्थल पर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के कटआउट के साथ स्थापित सेल्फी प्वाइंट पर बड़ी संख्या में आगंतुक तस्वीरें खिंचवा रहे हैं। सूचना विभाग, गाजीपुर द्वारा लगाई गई चित्र प्रदर्शनी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।प्रदर्शनी एवं मेले में खाद एवं ग्रामोद्योग, उद्योग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, स्वास्थ्य, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, समाज कल्याण, मत्स्य, कृषि, वन, डाक, पुलिस, आपदा प्रबंधन एवं पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं, जहां आमजन को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।इसके अलावा संस्कृति विभाग में पंजीकृत कलाकारों द्वारा लोकगीत, लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जा रही हैं, जो आगंतुकों को विशेष रूप से आकर्षित कर रही हैं।राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा यह विकास प्रदर्शनी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। वहीं जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने की अपील की।जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि यह विकास प्रदर्शनी 18 जून से 20 जून 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी।



