गाजीपुर : शेरपुर भांवरकोल में नवनिर्मित ग्राम पंचायत सचिवालय का लोकार्पण, डीएम बोले- ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिलेंगी सभी सुविधाएं।

शेरपुर भांवरकोल में नवनिर्मित ग्राम पंचायत सचिवालय का लोकार्पण, डीएम बोले- ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिलेंगी सभी सुविधाएं।

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने विकास खंड मोहम्मदाबाद अंतर्गत ग्राम पंचायत शेरपुर भांवरकोल में नवनिर्मित भव्य ग्राम पंचायत सचिवालय का फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्राम सचिवालय ग्रामीणों के लिए बड़ी सौगात है, जहां विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सचिवालय भवन के निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं संरचना की सराहना करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत सचिवालय ग्रामीण प्रशासन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर बेहतर आधारभूत सुविधाओं के विकास से शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि यह सचिवालय ग्रामीणों को प्रमाण पत्र, पेंशन, मनरेगा, आवास समेत विभिन्न योजनाओं से जुड़ी सेवाएं पारदर्शिता एवं सुगमता के साथ उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा।उन्होंने ग्राम पंचायत शेरपुर के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों को इस उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई देते हुए इसे जनसहभागिता और सामूहिक सहयोग का बेहतरीन उदाहरण बताया। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी विकास कार्य की सफलता जनभागीदारी से ही संभव है और ग्रामीणों के सहयोग से सचिवालय भवन का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण हो सका है।इस अवसर पर उन्होंने अन्य ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों से भी गुणवत्तापूर्ण पंचायत सचिवालयों एवं सार्वजनिक सुविधाओं के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान संबंधित अधिकारियों ने सचिवालय भवन की विशेषताओं एवं उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। लोकार्पण के बाद जिलाधिकारी ने उपस्थित बच्चों को अपने हाथों से मिठाई वितरित की तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं मजबूती बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।कार्यक्रम में संबंधित विभागीय अधिकारी, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



