गाजीपुर : पेट्रोल-डीजल बचत को जनआंदोलन बनाएं : डीएम अनुपम शुक्ला

पेट्रोल-डीजल बचत को जनआंदोलन बनाएं : डीएम अनुपम शुक्ल
गाजीपुर।ऊर्जा संरक्षण राष्ट्रहित और पर्यावरण सुरक्षा के लिए जरूरी, जनपदवासियों से सहयोग की अपीलअनुपम शुक्ला ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार (रायफल क्लब) में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान जनपदवासियों से पेट्रोलियम पदार्थों की बचत एवं ऊर्जा संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की अपील की। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री के आह्वान के क्रम में जनपद प्रशासन सभी नागरिकों से अनुरोध करता है कि पेट्रोल, डीजल एवं अन्य ईंधनों का उपयोग केवल अत्यंत आवश्यक कार्यों तक सीमित रखें और इनके संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।जिलाधिकारी ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थ देश की अमूल्य संपत्ति हैं। इनकी अनावश्यक खपत से जहां राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था पर अतिरिक्त भार पड़ता है, वहीं पर्यावरण प्रदूषण एवं जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं। वर्तमान समय में ऊर्जा संरक्षण केवल विकल्प नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक एवं राष्ट्रीय जिम्मेदारी है।उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि छोटी दूरी की यात्रा के लिए पैदल चलने अथवा साइकिल का प्रयोग करें। कार्यालय, विद्यालय एवं अन्य स्थानों पर जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन और कार पूलिंग को प्राथमिकता दें। अनावश्यक वाहन संचालन से बचें तथा एक ही यात्रा में अधिकतम कार्य निपटाने का प्रयास करें।डीएम ने कहा कि ट्रैफिक सिग्नल या लंबे समय तक रुकने की स्थिति में वाहन का इंजन बंद रखें। समय-समय पर वाहन की सर्विसिंग तथा टायरों में उचित वायु दबाव बनाए रखने से भी ईंधन की खपत कम होती है। उन्होंने युवाओं एवं बच्चों को भी ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता बताई, ताकि यह अभियान जन-जन तक पहुंच सके।उन्होंने सरकारी कार्यालयों, संस्थानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी ऊर्जा एवं ईंधन बचत के उपायों को प्रभावी रूप से लागू करने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि ईंधन की बचत केवल व्यक्तिगत लाभ का विषय नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, पर्यावरण संरक्षण एवं भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा हुआ है।उन्होंने विश्वास जताया कि यदि जनपद का प्रत्येक नागरिक प्रतिदिन थोड़ा-सा भी ईंधन बचाने का संकल्प ले, तो सामूहिक रूप से यह एक बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि सिद्ध होगी। साथ ही उन्होंने जनपदवासियों से इस जनहितकारी अभियान में पूर्ण सहयोग देने की अपेक्षा की।



