गाजीपुर : पीएम सूर्य घर योजना में लापरवाही पर डीएम सख्त, बैंकों को 7 दिन में लंबित ऋण निस्तारण के निर्देश

पीएम सूर्य घर योजना में लापरवाही पर डीएम सख्त, बैंकों को 7 दिन में लंबित ऋण निस्तारण के निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार गाजीपुर में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा सच्चिदानन्द तिवारी, जिला अग्रणी प्रबंधक राजदेव कुमार सहित विद्युत विभाग एवं विभिन्न बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में यूपीनेडा द्वारा बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 तक जनपद में 7009 घरों पर सोलर रूफटॉप स्थापना का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके सापेक्ष अब तक 3167 घरों में सोलर रूफटॉप स्थापित किए जा चुके हैं। समीक्षा के दौरान बैंकों में 941 ऋण पत्रावलियां लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई।जिलाधिकारी ने जिला अग्रणी प्रबंधक एवं सभी बैंक समन्वयकों को निर्देश दिया कि एक माह से अधिक समय से लंबित ऋण पत्रावलियों का निस्तारण तीन दिनों के भीतर तथा एक माह के अंदर की लंबित पत्रावलियों का निस्तारण सात दिनों में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना ठोस कारण किसी भी आवेदन को निरस्त न किया जाए। साथ ही लोन स्वीकृति में अनावश्यक देरी करने वाले शाखा प्रबंधकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु संबंधित बैंक मुख्यालय को पत्र भेजने के निर्देश भी दिए।बैठक में जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को लंबित निरीक्षण कार्य तीन दिनों के भीतर पोर्टल पर पूर्ण करने, मीटर स्थापना एवं कॉन्फिगरेशन कार्य में तेजी लाने तथा विद्युत बिल संशोधन के लिए सभी डिवीजनों में मेगा कैंप आयोजित कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके अतिरिक्त जनपद के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, तहसील भवनों, नगर पालिका कार्यालयों, शिक्षा विभाग कार्यालयों एवं विद्युत उपकेंद्रों पर विशेष कैंप लगाकर लोगों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति जागरूक करने एवं सोलर रूफटॉप स्थापना के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया।



