Breaking Newsभारत

हाउस टैक्स और यूजर चार्ज को लेकर न हों कन्फ्यूज; लखनऊ नगर निगम ने जारी की गाइडलाइन

हाउस टैक्स और यूजर चार्ज को लेकर न हों कन्फ्यूज; लखनऊ नगर निगम ने जारी की गाइडलाइन

मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि कोई नागरिक ऑनलाइन यूजर चार्ज जमा करता है, तो उसे ऑफलाइन देने की जरूरत नहीं है.

लखनऊ:अगर आप लखनऊ नगर निगम में ऑनलाइन हाउस टैक्स जमा कर रहे हैं. स्क्रीन पर दिख रहे यूजर चार्ज को लेकर असमंजस में हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. कई लोग जानकारी के अभाव में ऑनलाइन हाउस टैक्स के साथ 1200 रुपए का यूजर चार्ज भी जमा कर देते हैं, जबकि कई लोग यही शुल्क ऑफलाइन पहले से ही दे रहे होते हैं. अब नगर निगम ने इस पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट की है.

लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम की नीति पूरी तरह स्पष्ट है. अगर कोई नागरिक ऑनलाइन यूजर चार्ज जमा करता है, तो उसे दोबारा ऑफलाइन भुगतान करने की जरूरत नहीं है.

ऑनलाइन भुगतान की रसीद डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन कर्मचारी को दिखाने पर दोबारा शुल्क नहीं लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि जो लोग ऑफलाइन यूजर चार्ज जमा करते हैं, उन्हें ऑनलाइन केवल हाउस टैक्स जमा करना चाहिए. हाउस टैक्स के साथ यूजर चार्ज जमा करना अनिवार्य नहीं है.

लोग यूजर चार्ज नहीं समझ पा रहे:लखनऊ के जानकीपुरम विस्तार निवासी नैमिष कपूर ने बताया कि जब वह ऑनलाइन हाउस टैक्स जमा कर रहे थे, तब यूजर चार्ज का विकल्प सामने आया. शुरुआत में उन्हें समझ नहीं आया कि यह शुल्क किस चीज का है. इंटरनेट पर जानकारी खोजने के बाद पता चला कि नगर निगम डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की सेवा के लिए 1200 रुपए यूजर चार्ज ले रहा है.

उन्होंने कहा कि जब उन्होंने कूड़ा कलेक्शन करने वाले कर्मचारी से बात की, तो उन्हें सलाह दी गई कि ऑनलाइन यूजर चार्ज न भरें. ऑफलाइन ही भुगतान करें, क्योंकि नगर निगम की ऑनलाइन व्यवस्था में तकनीकी दिक्कतें चल रही हैं.

कपूर का कहना है कि नगर निगम को वेबसाइट और पोर्टल पर स्पष्ट रूप से लिखना चाहिए कि यूजर चार्ज कूड़ा कलेक्शन सेवा का शुल्क है. साथ ही यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि यदि ऑनलाइन भुगतान कर दिया गया है तो दोबारा ऑफलाइन भुगतान की आवश्यकता नहीं है.

सोलर पैनल पर टैक्स छूट अभी लागू नहीं: नगर निगम के कर अधिकारी अशोक सिंह ने बताया कि नगर निगम ने यह प्रस्ताव जरूर दिया था कि जिन मकानों की छतों पर सोलर पैनल लगे होंगे, उन्हें हाउस टैक्स और वॉटर टैक्स में 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी. हालांकि, यह योजना अभी लागू नहीं हुई है. उन्होंने बताया कि प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजा जा चुका है और मंजूरी मिलने के बाद इसे लागू किया जाएगा.

पिछले साल 25% बढ़ा था हाउस टैक्स कलेक्शन:अशोक सिंह ने बताया कि वर्ष 2025 में लखनऊवासियों ने उत्साह के साथ हाउस टैक्स जमा किया था, जिससे नगर निगम के राजस्व में करीब 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई. उन्होंने कहा कि बड़े बकायेदारों के खिलाफ कोर्ट में मामले चल रहे हैं और न्यायालय के दिशा-निर्देश मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

शहर के विकास में सहयोग दें:मेयर सुषमा खर्कवाल ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि लोग पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ हाउस टैक्स, वॉटर टैक्स और यूजर चार्ज जमा करें. उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष लोगों ने शानदार सहयोग दिया था और इस वर्ष भी नगर निगम को बेहतर राजस्व मिलने की उम्मीद है. इससे शहर के विकास कार्यों को गति मिलेगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button