गाजीपुर : आंधी तूफान और बारिश के दौरान पेड़ की डाली गिरने से रामदरश की हुई थी मौत, डीएम ने परिजनों से की मुलाकात

गाजीपुर
आंधी तूफान और बारिश के दौरान पेड़ की डाली गिरने से रामदरश की हुई थी मौत, डीएम ने परिजनों से की मुलाकात
गाजीपुर। दिनांक 29 अप्रैल को लगभग सायं 4.30 बजे आए तेज आँधी-तूफान एवं बारिश के दौरान एक दुखद घटना घटित हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामदरश राम (पुत्र स्व. घुरूराम उर्फ बुरछ), निवासी ग्राम चईशा उर्फ बकराबाद, परगना व तहसील सदर, जनपद गाजीपुर, पी.जी. कॉलेज चौराहे के समीप दवा लेने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान तेज हवाओं के कारण एक पेड़ की भारी डाली टूटकर उनके ऊपर गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाने का प्रयास किया गया, किंतु रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। मृतक की आयु लगभग 51 वर्ष बताया जा रही है। जिलाधिकारी ने घटना का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राजस्व एवं पुलिस टीम द्वारा मौके का निरीक्षण कर पंचनामा की कार्रवाई पूर्ण कर ली गई है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने आज मृतक के परिवारजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की निर्धारित प्रावधानों के अंतर्गत अनुमन्य आर्थिक सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाएगी। जिसमें मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता हेतु आपदा सहायता धनराशि, कृषक दुघर्टना योजना, पारिवारिक लाभ, मृतक के पत्नी को विधवा पेंशन योजना का लाभ दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें तथा सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। प्रशासन द्वारा राहत एवं सहायता संबंधी समस्त आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। मौके पर उपजिलाधिकारी सदर रविश गुप्ता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



