Breaking Newsभारत

गोरखपुर : कार्य परिषद की बैठक में शिक्षक नियुक्तियों एवं प्रोन्नति को मंजूरी

कार्य परिषद की बैठक में शिक्षक नियुक्तियों एवं प्रोन्नति को मंजूरी

सर्च कमेटी सदस्य के रूप में प्रो. जी. डी. शर्मा के नाम को स्वीकृति

गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन की अध्यक्षता में कार्य परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में नए शिक्षकों की नियुक्तियों और प्रोन्नति को स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही बैठक में कुलपति चयन के लिए राजभवन की ओर से गठित की जाने वाली सर्च कमेटी के एक सदस्य के रूप में प्रसिद्ध वनस्पति विज्ञानी प्रो. जी. डी. शर्मा के नाम को मंजूरी दी गई।

कार्य परिषद ने अंग्रेजी विभाग में आचार्य पद पर श्री अजय चौबे, बायोटेक्नोलॉजी विभाग में सहयुक्त आचार्य पद पर डॉ. निर्मल प्रभाकर, वनस्पति विज्ञान विभाग में सहयुक्त आचार्य पद पर डॉ. शम्भू कुमार तथा सहायक आचार्य पद पर श्री आनंद कुमार के चयन को मंजूरी दी। साथ ही होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी में श्री आशीष रंजन को सहायक आचार्य (कांट्रैक्चुअल) के रूप में नियुक्ति को स्वीकृति दी गई। इसके अतिरिक्त, कैरियर एडवांसमेंट स्कीम (CAS) के अंतर्गत विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के डॉ. रामवंत गुप्ता तथा अंग्रेजी विभाग के डॉ. आमोद रॉय को सहयुक्त आचार्य से आचार्य पद पर प्रोन्नति दिए जाने को स्वीकृति प्रदान की गई।

कार्य परिषद ने कुलपति चयन के लिए राजभवन की ओर से गठित की जाने वाली सर्च कमेटी के एक सदस्य के रूप में प्रसिद्ध वनस्पति विज्ञानी एवं एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज के पूर्व अध्यक्ष प्रो. जी. डी. शर्मा के नाम को भी अनुमोदन प्रदान किया।

प्रो. जी. डी. शर्मा* देश के प्रतिष्ठित शिक्षाविद एवं अनुभवी अकादमिक प्रशासक हैं। लगभग 45 वर्षों के अपने शैक्षणिक करियर में उन्होंने असम विश्वविद्यालय, नागालैंड विश्वविद्यालय तथा विलासपुर विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों में कुलपति, प्रति-कुलपति, अधिष्ठाता एवं विभागाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वर्तमान में वे यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी मेघालय के कुलपति के रूप में कार्यरत हैं। प्रो शर्मा ने उत्तर-पूर्वी राज्यों में उच्च शिक्षा के विकास, अनुसंधान को बढ़ावा देने तथा जनजातीय समाज के मानव संसाधन विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

प्रो शर्मा को बोटैनिकल सोसायटी का बिरबल साहनी पुरस्कार तथा यूनेस्को से संबद्ध संस्थाओं द्वारा सम्मान सहित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button