ऊर्जा मंत्री बोले- रविवार समेत सार्वजनिक अवकाशों पर निगेटिव बैलेंस होने पर भी नहीं कटेंगे कनेक्शन

ऊर्जा मंत्री बोले- रविवार समेत सार्वजनिक अवकाशों पर निगेटिव बैलेंस होने पर भी नहीं कटेंगे कनेक्शन
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने निर्देश दिए कि ट्रिपिंग बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। एक किलोवाट तक के उपभोक्ताओं का निगेटिव बैलेंस होने पर भी कनेक्शन नहीं कटेगा। वाराणसी में 24×7 विद्युत वैन शुरू कर फॉल्ट सुधार और आपात सेवा को तेज किया गया।
योगी सरकार प्रदेश की बिजली व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी क्रम में वाराणसी दौरे पर ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने शनिवार को सर्किट हाउस में ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
इस बैठक में ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी क्षेत्र में ट्रिपिंग स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही ऊर्जा मंत्री ने दो अत्याधुनिक ‘24×7 वैन’ का उद्घाटन भी किया।
विद्युत ट्रिपिंग की समस्या को लेकर ऊर्जा मंत्री ने निर्देश दिए
समीक्षा बैठक में मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने विद्युत आपूर्ति को लेकर कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। समीक्षा के दौरान ऊर्जा मंत्री ने विद्युत ट्रिपिंग को लेकर जरूरी निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वाराणसी के किसी भी क्षेत्र में ट्रिपिंग स्वीकार्य नहीं है। इसे सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्बाध एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के लिए भी कहा है।
बढ़ती मांग के अनुरूप योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए
ऊर्जा मंत्री ने अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती विद्युत मांग के अनुरूप योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो। समीक्षा बैठक में मंत्री शर्मा ने कहा कि वाराणसी एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन नगरी है, इसलिए यहां की व्यवस्थाएं उच्च स्तर की होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं, जिससे आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
1 किलोवाट तक कनेक्शन पर नेगेटिव बैलेंस में भी नहीं कटेगी बिजली
इसके साथ ही बैठक के दौरान ऊर्जा मंत्री ने उपभोक्ता हितों को प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 1 किलोवाट तक के विद्युत कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का कनेक्शन नेगेटिव बैलेंस होने पर भी नहीं काटा जाएगा। साथ ही 2 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को अधिकतम 200 रुपये तक की रियायत प्रदान की जाएगी। ऊर्जा मंत्री ने निर्देशित किया कि किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन काटने से पूर्व अनिवार्य रूप से 5 चरणों में एसएमएस अलर्ट भेजे जाएं। इसके अतिरिक्त रविवार और अन्य सार्वजनिक अवकाशों पर नेगेटिव बैलेंस की स्थिति में भी विद्युत आपूर्ति बाधित न की जाए। ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को इन प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके और व्यवस्था पारदर्शी बनी रहे। बैठक के दौरान मेयर अशोक तिवारी, एमडी पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम शंभू कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
ऊर्जा मंत्री ने वाराणसी में 24×7 विद्युत वैन का किया उद्घाटन
वाराणसी जिले के उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित और उच्च गुणवत्ता की बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ऊर्जा मंत्री ने शनिवार को शहर में दो अत्याधुनिक ’24×7 वैन’ का उद्घाटन भी किया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्युत फॉल्ट सुधार में लगने वाले समय को न्यूनतम करना है। इन दोनों विशेष वाहनों को हर प्रकार की तकनीकी चुनौती से निपटने के लिए आधुनिक सुरक्षा उपकरणों (सेफ्टी इक्यूपमेंट) और आवश्यक टी एंड पी किट से सुसज्जित किया गया है। वाराणसी में सही मायनों में 24×7 (24 घंटे) सेवाएं देने के लिए, इन वाहनों पर तैनात कर्मचारियों की टीम प्रतिदिन 8-8 घंटे की 3 शिफ्टों में कार्य करेगी। प्रत्येक शिफ्ट में सुपरवाइजर, लाइनमैन और हेल्पर सहित कुशल कर्मचारियों की टीम तत्पर रहेगी।



