गोरखपुर नगर निगम व प्रशासन के खिलाफ गोलघर के व्यापारियों का एलान, 28 को बाजार बंद

गोरखपुर नगर निगम व प्रशासन के खिलाफ गोलघर के व्यापारियों का एलान, 28 को बाजार बंद
अतिक्रमण अभियान, पार्किंग व ई-रिक्शा प्रतिबंध से व्यापार प्रभावितकई बार ज्ञापन व बैठक के बावजूद समाधान न मिलने से व्यापारियों में आक्रोशगोरखपुर। नगर निगम और प्रशासन की कार्रवाई से नाराज गोलघर के व्यापारियों ने 28 अप्रैल (मंगलवार) को पूरे बाजार को बंद रखने का निर्णय लिया है। इस संबंध में व्यापारियों ने गोलघर में बैठक कर सर्वसम्मति से बंदी का ऐलान किया। व्यापारियों का आरोप है कि लगातार चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान, पार्किंग व्यवस्था की कमी और ई-रिक्शा पर रोक के कारण व्यापार पर गंभीर असर पड़ा है।समस्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष नितिन कुमार जायसवाल ने बताया कि गोलघर में नगर निगम का प्रवर्तन दल और प्रशासनिक कार्रवाई के तहत व्हाइट लाइन के अंदर खड़ी गाड़ियों को उठा या लॉक किया जा रहा है। इससे ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है। वहीं इंदिरा बाल विहार के तीन लेन मार्ग को संकरा किए जाने से शहर के प्रमुख चौराहों पर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोग गोलघर आने से बच रहे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि ई-रिक्शा आम लोगों के लिए बाजार तक पहुंचने का प्रमुख साधन है लेकिन पिछले कई वर्षों से गोलघर क्षेत्र में इसके संचालन पर प्रतिबंध है, जिससे खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी हो रही है। इन सभी कारणों से गोलघर, चटोरी गली, बलदेव प्लाजा और मंगलम टावर के व्यापार में 20 से 50 प्रतिशत तक गिरावट आई है। गोलघर व्यापार मंडल के अध्यक्ष अभिषेक जायसवाल ने बताया कि इस संबंध में कई बार नगर निगम, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन दिया गया, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। हाल ही में हुई बैठक में अधिकारियों की ओर से आश्वासन दिए गए थे, जो अब तक पूरे नहीं हुए। वहीं, व्यापारियों ने गोलघर क्षेत्र में अंडरग्राउंड पार्किंग की व्यवस्था करने की मांग की है।



