लखनऊ : लखनऊ 20 को निकाली जाएगी भगवान झूलेलाल की शोभायात्रा

लखनऊ 20 को निकाली जाएगी भगवान झूलेलाल की शोभायात्रा
लखनऊ। भगवान झूलेलाल की जयंती पर 20 मार्च को सिंधी बहुल क्षेत्रों से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान करीब 200 स्थानों पर प्रसाद वितरण होगा। महोत्सव की तैयारियों को लेकर सोमवार को चेट्टी चंद मेला कमेटी की बैठक सुशांत गोल्फ सिटी के होटल में हुई। झूलेलाल वाटिका में होने वाले समारोह में सिंधी समाज के एक व्यक्ति को लाइफटाइम अवॉर्ड दिया जाएगा। अच्छे काम करने वाले समाज के कुछ लोगों को भी सम्मानित किया जाएगा।चेट्टी चंद मेला कमेटी के अध्यक्ष रतन मेघानी, प्रवक्ता अशोक मोतियानी, महामंत्री संजय जसवानी, कोषाध्यक्ष सतेंद्र भवनानी श्याम कृषनानी, राजू जसवानी, सतीश लखमानी, हंसराज राजपाल, नितेश मध्यान, विक्की दयलानी, आनंद खत्री ने बताया कि महिलाएं स्कूटर रैली निकालकर शोभायात्रा में शामिल होंगी। शिवशांति आश्रम से निकाली जाने वाली शोभायात्रा को संत मोहन लाल और संत हरीश लाल झंडी दिखाएंगे। यह सिंगार नगर, चंद्रनगर, आलमबाग, मवइया, चारबाग, नाका हिंडोला चौराहा, गणेशगंज, फतेहगंज, अमीनाबाद, नजीराबाद, कैसरबाग और लालबाग होते हुए हजरतगंज में एक घंटे तक रुकेगी।
यहां इंदिरानगर से आने वाली शोभायात्रा व समाज को संदेश देने वाली झाकियां प्रदर्शन करेंगी। सिंधी समाज के लोग डांडिया करते हुए होटल क्लार्क अवध होते हुए झूलेलाल वाटिका पहुंचेंगे। यहां भगवान झूलेलाल की सामूहिक महाआरती होगी। नवजात शिशुओं के मुंडन और जनेऊ संस्कार भी होंगे। झूलेलाल वाटिका में सजे मेले में स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। भोपाल से आए गायक सिंधी गीतों से माहौल बनाएंगे l


