गाजीपुर : दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को जिंदा जलाने का आरोप, पति-सास गिरफ्तार

गाजीपुर
दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को जिंदा जलाने का आरोप, पति-सास गिरफ्तार
गाजीपुर। दहेज लोभियों की क्रूरता का एक और मामला सामने आया है। नोनहरा थाना क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को जलाकर गंभीर रूप से घायल करने के आरोप में पुलिस ने पति और सास को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक वादी की तहरीर पर थाना नोनहरा में मुकदमा संख्या 86/2026 धारा 85, 124(1) बीएनएस तथा 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि अभियुक्तों ने वादी की पुत्री पूजा यादव को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया और बाद में उसे जलाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में शुक्रवार को उपनिरीक्षक अविनाश मणि तिवारी मय पुलिस टीम ने ग्राम नसीरपुर से आरोपी विक्रांत यादव (27) पुत्र ओमप्रकाश यादव तथा उसकी मां चिंता देवी (49) पत्नी ओमप्रकाश यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमे से संबंधित अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अविनाश मणि तिवारी के साथ महिला कांस्टेबल रिया शामिल रहीं।



