गाजीपुर : सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक में डीएम ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक में डीएम ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
गाजीपुर, 12 मार्च 2026।कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं, विकास कार्यों एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक सीएम डैशबोर्ड ‘दर्पण’ के आधार पर आयोजित की गई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि अपने-अपने विभागों की प्रगति बढ़ाते हुए प्रत्येक माह की 25 तारीख तक पोर्टल पर प्रगति रिपोर्ट अपलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में विद्युत, पशुपालन, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), जल जीवन मिशन, पर्यटन, लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़कों का अनुरक्षण, सेतु निर्माण, नई सड़कों का निर्माण, पंचायती राज, शादी अनुदान योजना, निराश्रित गोवंश संरक्षण, पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, कन्या विवाह सहायता राशि, श्रम एवं सेवायोजन समेत विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।समीक्षा के दौरान आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की स्थिति पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आईजीआरएस में किसी भी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकासपरक योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू कर पात्र लाभार्थियों तक शीघ्र लाभ पहुंचाया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित न रह जाए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित सभी खंड विकास अधिकारी एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



