Breaking Newsभारत

जखनियां/गाजीपुर : जखनियां रेलवे स्टेशन की समस्याओं को लेकर डीआरएम वाराणसी को सौंपा ज्ञापन

जखनियां रेलवे स्टेशन की समस्याओं को लेकर डीआरएम वाराणसी को सौंपा ज्ञापन

जखनियां/गाजीपुर। जखनियां रेलवे स्टेशन परिसर में व्याप्त विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सर्वदलीय तहसील विकास एवं जन कल्याण संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवनारायण सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने डीआरएम वाराणसी को ज्ञापन प्रेषित किया। समिति ने स्टेशन परिसर में मौजूद बुनियादी समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की है।समिति की ओर से बताया गया कि इन समस्याओं के संबंध में पूर्व में भी रेलवे प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

समिति ने प्रमुख रूप से निम्न मांगें उठाईं—1. अंडरग्राउंड पुलिया/मार्ग का निर्माण: जखनियां रेलवे स्टेशन के उत्तरी हिस्से में पुरानी केबल के पास दोपहिया व चारपहिया छोटे वाहनों तथा पैदल यात्रियों के लिए अंडरग्राउंड सड़क या पुलिया का निर्माण कराया जाए। बाजार का कुछ हिस्सा पश्चिम और कुछ पूर्व दिशा में स्थित है, वहीं सामने तहसील मुख्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ब्लॉक मुख्यालय, ग्राम न्यायालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पशु अस्पताल, बिजली सर्विस स्टेशन, कोतवाली और सीओ कार्यालय भी स्थित हैं। ऐसे में आवागमन में बुजुर्गों, महिलाओं और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

2. टूटी सड़क की मरम्मत: स्टेशन के पश्चिमी हिस्से में रेलवे द्वारा बनाई गई सड़क काफी जर्जर हो चुकी है। यात्रियों और आम जनता की सुविधा के लिए उसकी शीघ्र मरम्मत कराना आवश्यक है।

3. पानी की टंकी की व्यवस्था: रेलवे परिसर में पानी की टंकी की व्यवस्था न होने के कारण शौचालयों में गंदगी बनी रहती है और यात्रियों को पीने के पानी की भी समस्या का सामना करना पड़ता है। समिति ने पानी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है।4. एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव:

समिति ने जखनियां रेलवे स्टेशन पर गुजरने वाली सभी एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग भी की है। बताया गया कि यह स्टेशन दो सिद्ध पीठ भुड़कुड़ा और हथियाराम को जोड़ता है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। इसके अलावा यह स्टेशन परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद और महावीर चक्र विजेता रामउग्रह पांडेय के गांवों को भी जोड़ता है, जिनकी स्मृति में पार्क तथा प्रतिमाएं स्थापित हैं।समिति के अध्यक्ष देवनारायण सिंह ने डीआरएम वाराणसी से विनम्र अनुरोध करते हुए कहा कि जनहित को देखते हुए इन मांगों पर विशेष ध्यान देकर जल्द से जल्द समाधान कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान किया जाता है तो क्षेत्र की जनता रेलवे प्रशासन की सदैव आभारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button