Breaking Newsभारत

जखनिया (गाजीपुर) : दिव्यांगों ने जखनिया रेलवे स्टेशन पर किया प्रदर्शन, दिल्ली कूच से पहले कई लोगों को किया गया होम अरेस्ट

दिव्यांगों ने जखनिया रेलवे स्टेशन पर किया प्रदर्शन, दिल्ली कूच से पहले कई लोगों को किया गया होम अरेस्ट

जखनिया (गाजीपुर)। दिव्यांगों की विभिन्न समस्याओं को लेकर बुधवार को जखनिया रेलवे स्टेशन पर जनकल्याण विकलांग सेवा समिति के प्रबंधक रामविजय चौहान और सर्व समाज विकास मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश राम के नेतृत्व में दर्जनों महिला-पुरुष दिव्यांगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री से मिलने की चेतावनी के बाद प्रशासन ने एहतियातन कई लोगों को होम अरेस्ट कर लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में हलचल का माहौल बना रहा।

प्रदर्शन के दौरान दिव्यांगों ने हाथों में भाजपा के झंडे और सिर पर पार्टी की टोपी पहनकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान प्रबंधक रामविजय चौहान ने कहा कि दिव्यांगों की समस्याओं को लेकर जखनियां तहसील और सैदपुर के अधिकारी सुनवाई करने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत और गुहार लगाने के बावजूद समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे दिव्यांगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

रामविजय चौहान ने बताया कि प्रशासन को पहले ही अल्टीमेटम दिया गया था कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो दिव्यांगों का प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री से मुलाकात करेगा। इसी क्रम में शुक्रवार को दिल्ली रवाना होने की तैयारी थी, लेकिन प्रशासनिक हस्तक्षेप के चलते कार्यक्रम को रोक दिया गया।

मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी अतुल कुमार, खंड विकास अधिकारी तथा कोतवाल श्यामजी यादव ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें समझाने-बुझाने का प्रयास किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद शाम करीब छह बजे प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।

इस अवसर पर प्रदेश महासचिव बृजमोहन वर्मा, हृदय नारायण सिंह, गांधी पांडेय, सोनू गुप्ता, गोविंद भारती, श्याम कुमार, कलावती चौहान, अमरजीत मौर्य, रामलाल चौहान, सोनी यादव, रामवती यादव, लालती देवी, योगेश चौहान, भूलन विश्वकर्मा, शैलेंद्र सरोज, विजेंद्र चौहान सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मऊ आरपीएफ के एसआई इंद्रजीत, विनोद उपाध्याय, एसआई सचिन सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button