गोरखपुर : राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने किया जिला कारागार गोरखपुर का औचक निरीक्षण

राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने किया जिला कारागार गोरखपुर का औचक निरीक्षण

गोरखपुर 10 मार्च। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी ने मंगलवार को जिला कारागार गोरखपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य कारागार में निरुद्ध महिला बंदियों की स्थिति का जायजा लेना तथा उन्हें मिल रही सुविधाओं की समीक्षा करना था।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती चौधरी ने महिला बंदियों से सीधे संवाद कर उनके स्वास्थ्य और अन्य समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने जेल अस्पताल का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिला बंदियों को समय पर उचित चिकित्सा उपचार, नियमित स्वास्थ्य जांच और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने जेल में अपनी माताओं के साथ रह रहे बच्चों की शिक्षा और भविष्य को लेकर भी गहन समीक्षा की। उपाध्यक्ष ने बच्चों के लिए संचालित शिक्षा केंद्रों का अवलोकन करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि बच्चों को पौष्टिक आहार के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा भी मिलती रहे।
इसके अलावा उन्होंने उन महिला बंदियों के मामलों की जानकारी भी ली, जो अपनी सजा का अधिकांश भाग पूरा कर चुकी हैं। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि नियमों के अनुसार समयपूर्व रिहाई के पात्र मामलों की पत्रावली शीघ्र तैयार कर शासन को भेजी जाए, ताकि पात्र महिलाओं को मुख्यधारा में लौटने का अवसर मिल सके।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती चौधरी ने कारागार परिसर, महिला बैरकों और रसोईघर की साफ-सफाई का भी बारीकी से निरीक्षण किया। जेल परिसर की साफ-सफाई और अनुशासित वातावरण को देखकर उन्होंने जेल प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रयास यह होना चाहिए कि जेल में निरुद्ध महिलाओं को मानवीय गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार मिले।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पाण्डेय, जेलर अरुण कुमार कुशवाहा, उप जेलर विजय कुमार, श्रीमती कृष्णा कुमारी, श्रीमती अमिता श्रीवास्तव, वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. विनय कुमार, फार्मासिस्ट शेष कुमार शर्मा सहित अन्य कारागार कर्मी उपस्थित रहे।



