भारत

देश के वीर सपूत हरिकेश यादव अमर रहें: झांसी में सड़क हादसे में सेना के जवान का निधन, पूरे गाजीपुर में शोक की लहर

शिव प्रकाश पांडे मंडल ब्यूरो की रिपोर्ट।

आज दिनांक।10/03/026को

देश के वीर सपूत हरिकेश यादव अमर रहें: झांसी में सड़क हादसे में सेना के जवान का निधन, पूरे गाजीपुर में शोक की लहर

गाजीपुर। जनपद के मनिहारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा शाहपुर शमशेर खान के वीर सपूत शहीद हरिकेश यादव का पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे उनके पैतृक गांव पहुंचा, जहां पूरे गांव और क्षेत्र के लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। तिरंगे में लिपटे शहीद के पार्थिव शरीर के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह लगभग 5:30 बजे झांसी जनपद के बबीना थाना क्षेत्र स्थित खैलार गांव के पास सेना के ट्रक और एक पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में सेना के जवान हरिकेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद राहगीरों और साथियों की मदद से उन्हें वाहन से निकालकर तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि शहीद हरिकेश यादव बबीना फायरिंग रेंज में अभ्यास के बाद अपनी यूनिट के साथ अलवर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। उनके शहीद होने की खबर जैसे ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। लोगों ने कहा कि हरिकेश यादव बचपन से ही साहसी और देशभक्ति से ओतप्रोत स्वभाव के थे और सेना में भर्ती होकर देश सेवा करना उनका सपना था।45 वर्षीय हरिकेश यादव, स्वर्गीय बीरबल यादव के पुत्र थे। उन्होंने वर्ष 2002 में भारतीय सेना जॉइन की थी। वर्ष 2003 में उनका विवाह मधु यादव से हुआ था। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटी अर्पिता (कक्षा 9 की छात्रा) और एक बेटा अंकित यादव (कक्षा 11 का छात्र) हैं। उनकी माता मुखिया देवी हैं। तीन भाइयों में वे दूसरे नंबर पर थे। बड़े भाई अशोक यादव और छोटे भाई सुरेंद्र यादव उर्फ रिंकू यादव हैं, जो वर्तमान में सेना में कार्यरत हैं।मंगलवार को जब शहीद का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो पूरा क्षेत्र शोक और गर्व की भावनाओं से भर उठा। प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और हजारों की संख्या में ग्रामीणों ने उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। सेना के जवानों ने उनके पैतृक आवास पर तिरंगे के साथ सम्मानपूर्वक अंतिम सलामी दी।शहीद को श्रद्धांजलि देने वालों में जखनिया विधायक बेदी राम, उप जिलाधिकारी जखनिया अतुल कुमार, क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा, मनिहारी प्रधान संघ ब्लॉक अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह उर्फ अंशु सिंह, पंकज दुबे, प्रधान राजेंद्र गुप्ता, प्रधान अखिलेश यादव, समाजवादी पार्टी के नेता पीयूष विक्रम यादव, अजीत विक्रम यादव,अवधेश कुमार, प्रेम यादव, रियाज अहमद उर्फ गुड्डू, समाजवादी पार्टी जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह यादव, पूर्व प्रमुख गरीब राम, विधानसभा अध्यक्ष अवधेश यादव उर्फ राजू, अरविंद कुमार, रामाश्रय यादव, गुड्डू, फिरदौस खान, पप्पू, प्रशांत विश्वकर्मा, सर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष मदनलाल प्रजापति, ओमप्रकाश, संजय मौर्य सहित बड़ी संख्या में सम्मानित क्षेत्रवासी और ग्रामवासी उपस्थित रहे।अंतिम संस्कार गाजीपुर घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूत हरिकेश यादव की शहादत को क्षेत्र हमेशा गर्व और सम्मान के साथ याद करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button