
बेद प्रकाश पाण्डेय ब्यूरो चीफ गाज़ीपुर।
आज दिनांक।21/01/026को
मेहनगर SDM के खिलाफ लामबंद हुए दिव्यांग, जखनियां स्टेशन पर नारेबाजी के बाद मुख्यमंत्री से मिलने गोरखपुर रवाना

जखनियां (गाजीपुर): आजमगढ़ जनपद की मेहनगर तहसील में दिव्यांगों को कंबल वितरण में हुई कथित धांधली और शासन की योजनाओं का लाभ न मिलने से आक्रोशित दिव्यांगों ने बुधवार को मोर्चा खोल दिया। सर्व समाज विकास एवं जन कल्याण समिति के अध्यक्ष कमलेश राम के नेतृत्व में दर्जनों दिव्यांगों ने जखनियां रेलवे स्टेशन पर उपजिलाधिकारी (SDM) मेहनगर के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। इसके बाद सभी दिव्यांग अपनी समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराने के लिए कृषक एक्सप्रेस से गोरखपुर के लिए रवाना हुए।समिति के अध्यक्ष कमलेश राम ने आरोप लगाया कि कड़ाके की ठंड से राहत देने के लिए शासन द्वारा जो कंबल भेजे गए थे, उनके वितरण में मेहनगर तहसील प्रशासन ने भारी अनियमितता बरती है। उन्होंने कहा, “प्रशासनिक मिलीभगत के कारण पात्र दिव्यांगों को कंबल नहीं मिल सके। शासन की अन्य जनहितकारी योजनाओं से भी दिव्यांगों को वंचित रखा जा रहा है।”स्टेशन पर प्रदर्शन के दौरान दिव्यांगों ने प्रशासन विरोधी नारे लगाए और संकल्प लिया कि वे मुख्यमंत्री से मिलकर तहसील स्तर पर हो रहे इस भेदभाव की शिकायत करेंगे। इस जत्थे में मुख्य रूप से मनीराम, अवधेश कुमार, जय बहादुर, विश्वनाथ, अजीत कुमार, अवधेश राम, राजेश यादव, रामसेवक चौहान और दुर्गावती देवी सहित भारी संख्या में दिव्यांग शामिल रहे।इस पूरे घटनाक्रम पर जखनियां के उपजिलाधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि दिव्यांगों द्वारा इस तरह के किसी विरोध प्रदर्शन या अपनी समस्याओं के संबंध में उन्हें पूर्व में कोई जानकारी नहीं दी गई थी।


