Breaking Newsभारत

लखनऊ: रिहायशी इलाके के फ्लैट में चल रहा था स्टे-इन, रात में शराब पार्टी के दौरान लगी आग; बिना बताए भागे युवक

लखनऊ: रिहायशी इलाके के फ्लैट में चल रहा था स्टे-इन, रात में शराब पार्टी के दौरान लगी आग; बिना बताए भागे युवक

लखनऊ के चिनहट इलाके में बिना जानकारी के चल रहे स्टे-इन के पेंट हाउस में आग लग गई। जिन्होंने वहां स्टे किया था वह बिना बताए भाग गए।

चिनहट थाना क्षेत्र के नंदी विहार स्थित ‘एक्यूएस हाइट अपार्टमेंट’ में सोमवार सुबह करीब आठ बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब इसके पेंटहाउस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरा कमरा जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।

आग लगते ही बिना बताए भागे किराएदारप्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के वक्त इस पेंटहाउस में कुछ युवक रुककर पार्टी कर रहे थे। जैसे ही कमरे में आग भड़की, वहां अफरा-तफरी मच गई। हादसे की जिम्मेदारी लेने या किसी को सूचना देने के बजाय, कमरे को किराए पर लेकर रह रहे युवक आनन-फानन में वहां से शराब की बोतलें और अपना अन्य सामान समेटकर बिना किसी को कुछ बताए मौके से भाग गए।

आवासीय बिल्डिंग में चल रहा था कमर्शियल खेलस्थानीय निवासियों ने इस पूरी घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि यह पूरी तरह से एक आवासीय (रेजिडेंशियल) बिल्डिंग है, लेकिन इसके नियमों को ताक पर रखकर इसे कमर्शियल गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। तौकीर अहमद नाम के व्यक्ति के इस पेंटहाउस समेत अन्य कमरों को नियमों के खिलाफ जाकर व्यावसायिक रूप से स्टे-इन और पार्टियों के लिए किराए पर बुक किया जाता था।

पड़ोसियों का आरोप है कि इस बिल्डिंग में लंबे समय से ऐसी संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं, जिसकी शिकायत कई बार पुलिस और एलडीए (LDA) से भी की गई, लेकिन कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के सही कारणों का पता लगाने और नुकसान का आकलन करने में जुटा है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button