Breaking Newsभारत

युवाओं पर भरोसा, ऐश्वर्य राज सिंह को मिली यूपी की कमान

युवाओं पर भरोसा, ऐश्वर्य राज सिंह को मिली यूपी की कमान

राष्ट्रीय लोकदल प्रदेश मुख्यालय पर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन
लखनऊ, 13 अगस्त। राष्ट्रीय लोकदल के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री ऐश्वर्य राज सिंह के प्रथम लखनऊ आगमन पर गुरुवार को राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मुख्यालय में उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह द्वारा युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की नीति के तहत श्री ऐश्वर्य राज सिंह को उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद उनके लखनऊ आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रदेश मुख्यालय पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया तथा पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। पूरा प्रदेश मुख्यालय “चौधरी चरण सिंह अमर रहें”, “चौधरी अजित सिंह अमर रहें” और “जयंत चौधरी जिंदाबाद” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ श्री ऐश्वर्य राज सिंह का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
इससे पूर्व श्री ऐश्वर्य राज सिंह के लखनऊ आगमन पर चारबाग रेलवे स्टेशन से ही स्वागत कार्यक्रम की शुरुआत हो गई। चारबाग में श्री अजय सिंह के नेतृत्व में महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं स्वागत किया गया। इसके बाद डॉ. शेखर के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। के.के.सी. विद्यालय के पास प्रोफेशनल मंच के प्रदेश अध्यक्ष श्री अम्बुज पटेल तथा श्री सम्राट चौहान, श्री राधेश्याम चौधरी और श्री वाकस अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
इसके अलावा मातृभूमि से जुड़े शक्ति सिंह, ऋषभ सिंह, शुभम सिंह, विकास सिंह, सर्वेश सिंह, चित्रसेन सिंह, अफसर अली सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इसके बाद बर्लिंगटन चौराहा, विधानसभा स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा, सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तथा बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
स्वागत एवं अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह ने उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि किसानों, नौजवानों, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों के हितों के लिए कार्य करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि उनके परिवार का राष्ट्रीय लोकदल और किसान राजनीति से पुराना एवं भावनात्मक जुड़ाव रहा है। उनकी दो पीढ़ियों का राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा से संबंध रहा है। उनके पिता स्वर्गीय राजा लक्ष्मेश्वर सिंह लोकदल से विधायक रहे और उन्होंने चौधरी अजित सिंह के साथ मिलकर पार्टी की विचारधारा एवं किसानों के हितों के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि इसी विरासत और विचारधारा को आगे बढ़ाना उनके लिए गौरव की बात है।
श्री ऐश्वर्य राज सिंह ने कहा कि प्रदेश में युवाओं के साथ-साथ महिलाओं की भागीदारी भी संगठन में बढ़ाई जाएगी। युवाओं, छात्रों, किसानों और महिलाओं को बड़ी संख्या में राष्ट्रीय लोकदल से जोड़कर संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसानों, नौजवानों, महिलाओं, मजदूरों और समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाने वाली पार्टी है। पार्टी के संस्थापक चौधरी चरण सिंह की किसान और ग्रामीण विकास की सोच तथा चौधरी अजित सिंह की सामाजिक सरोकारों की राजनीति को आगे बढ़ाते हुए चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा और नई दिशा दी जा रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान और उनकी सक्रिय भागीदारी के साथ संगठन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह की सोच और युवा-केंद्रित विचारधारा से प्रदेश में युवाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और वे पूरी ऊर्जा एवं निष्ठा के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष श्री अनुपम मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल ने युवाओं पर भरोसा जताते हुए श्री ऐश्वर्य राज सिंह को उत्तर प्रदेश की कमान सौंपी है। यह निर्णय संगठन में नई ऊर्जा और नई कार्यशैली को बढ़ावा देने वाला है। उन्होंने कहा कि दोनों युवा नेतृत्व मिलकर राष्ट्रीय लोकदल के संगठन को और अधिक सशक्त, मजबूत, सक्रिय और ऊर्जावान बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल का संगठन प्रदेश के प्रत्येक जिले, विधानसभा और बूथ तक मजबूत किया जाएगा। कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी जाएगी तथा पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा।
पार्लियामेंट्री बोर्ड के सदस्य एवं राष्ट्रीय महासचिव श्री अनिल दुबे ने कहा कि श्री ऐश्वर्य राज सिंह की नियुक्ति से उत्तर प्रदेश में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह ने युवा नेतृत्व को जिम्मेदारी देकर संगठन को भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। श्री दुबे ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को एकजुट होकर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि गांव, किसान, नौजवान और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पार्टी की विचारधारा और नीतियों को पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने श्री ऐश्वर्य राज सिंह को प्रदेश अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में पार्टी संगठन और अधिक मजबूत एवं सक्रिय होगा।
व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री रोहित अग्रवाल ने कहा कि श्री ऐश्वर्य राज सिंह के प्रदेश अध्यक्ष बनने से राष्ट्रीय लोकदल को उत्तर प्रदेश में नई ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि चौधरी जयंत सिंह ने युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने का जो निर्णय लिया है, उससे पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है। श्री अग्रवाल ने कहा कि सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के साथ मिलकर संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए पूरी ताकत से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों, नौजवानों, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर राष्ट्रीय लोकदल को प्रदेश में और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री रामकृष्ण पटेल ने किया।
इस अवसर पर पार्लियामेंट्री बोर्ड के सदस्य एवं राष्ट्रीय महासचिव श्री मुंशी राम पाल, पार्लियामेंट्री बोर्ड के सदस्य एवं राष्ट्रीय महासचिव श्री अनिल दुबे, राष्ट्रीय सदस्य कार्यकारिणी डॉ. सुरेश यादव, पार्लियामेंट्री बोर्ड के विशेष आमंत्रित सदस्य श्री चन्द्रबली यादव, युवा रालोद के प्रदेश अध्यक्ष श्री रविंद्र सिंह पटेल, एससी/एसटी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री भगवती प्रसाद सूर्यवंशी, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष कर्नल ब्रह्म पाल तोमर, प्रोफेशनल मंच के प्रदेश अध्यक्ष श्री अम्बुज पटेल, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री रोहित अग्रवाल, श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री महेश पाल धनगर, छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष श्री अमन पाण्डेय, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल, डॉ. राघवेन्द्र सिंह, विवेक चौधरी, पी.के. पाठक, वरिष्ठ नेता वसीम हैदर, विश्वेशनाथ मिश्रा, रजनीकांत मिश्रा, बी.एल. प्रेमी, रामावती तिवारी, किरण सिंह, प्रीति श्रीवास्तव, विमलेश पाठक, आर.पी. सिंह चौहान, योगेंद्र चेयरमैन, अफसर अली, राघवेंद्र प्रताप, प्रमोद शुक्ला, अरुणेंद्र पटेल, चौधरी भूपाल सिंह, अजय सिंह, जिलाध्यक्ष सत्य प्रकाश तिवारी, मनोज बुधौलिया, अकील अहमद, डॉ. सत्येंद्र सिंह, रामसजीवन पटेल, अशोक तिवारी, सुजाता चौधरी, सीमाब अहमद, शिव प्रसाद द्विवेदी, बेलाल अहमद, विपिन सिंह, सुरेश यादव, महिपाल पटेल, राकेश सिंह, राघवेंद्र दुबे, निखिल जैन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, क्षेत्रीय एवं जिला अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह रहा। उन्होंने कहा कि श्री ऐश्वर्य राज सिंह के नेतृत्व में संगठन में युवाओं एवं महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और राष्ट्रीय लोकदल को प्रदेश के प्रत्येक जिले, विधानसभा तथा बूथ स्तर तक मजबूत करने के अभियान को नई गति मिलेगी।
पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर राष्ट्रीय लोकदल को उत्तर प्रदेश में और अधिक मजबूत बनाने तथा चौधरी जयंत सिंह के नेतृत्व में किसानों, युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों के हितों के लिए मजबूती से कार्य करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button