Breaking Newsक्राइमभारत

मां के सामने बस ने 5 साल के बच्चे को रौंदा, मौत: गोरखपुर में स्कूल बस का कर रहा था इंतजार, 3 घंटे तक हंगामा, महिला टीचर को बंधक बनाया

मां सोनी ने बताया कि शनिवार सुबह वह बेटे का लंच तैयार कर घर के बाहर स्कूल बस (UP52 T0177) का इंतजार कर रही थी।

मां के सामने बस ने 5 साल के बच्चे को रौंदा, मौत: गोरखपुर में स्कूल बस का कर रहा था इंतजार, 3 घंटे तक हंगामा, महिला टीचर को बंधक बनाया

गोरखपुर। जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। स्कूल बस ने मां के सामने ही उसके 5 साल के मासूम बेटे को कुचल दिया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने स्कूल की महिला टीचर को बंधक बना लिया और बस में तोड़फोड़ कर दी। करीब 3 घंटे तक हंगामा चलता रहा।

सामने हुआ हादसा
मामला पिपराइच थाना क्षेत्र के नईयापार बुजुर्ग गांव का है। यहां सोनी अपने परिवार के साथ रहती हैं। उनके पति मुंबई में पेंट-पॉलिश का काम करते हैं। सोनी का 5 साल का बेटा हिमांशु एसडी पब्लिक स्कूल, चौरी में कक्षा 1 में पढ़ता था।

मां सोनी ने बताया कि शनिवार सुबह वह बेटे का लंच तैयार कर घर के बाहर स्कूल बस (UP52 T0177) का इंतजार कर रही थी। सुबह करीब 8 बजे एसडी पब्लिक स्कूल की बस तेज रफ्तार में आई और आंखों के सामने ही हिमांशु को कुचलते हुए आगे निकल गई।

परिवार के लोग बच्चे को लेकर CHC पिपराइच पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ड्राइवर भागा, टीचर को बनाया बंधक
हादसे के बाद ड्राइवर बस लेकर भागने लगा। ग्रामीणों ने पीछा किया तो करीब 200 मीटर दूर बस रोककर ड्राइवर फरार हो गया। गुस्साए गांववालों ने बस में बैठी स्कूल की टीचर को बंधक बना लिया और बस के शीशे तोड़ दिए।

सूचना पर पिपराइच थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने की कोशिश की।

परिवार ने 1 करोड़ मुआवजा और नौकरी की मांग की
हंगामे की सूचना पर SDM ज्ञान प्रताप सिंह, तहसीलदार डॉ. भागीरथी सिंह और नायब तहसीलदार अनु सिंह मौके पर पहुंचे। इस दौरान परिवार ने SDM को मांग पत्र सौंपा। मां सोनी ने 1 करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।

स्कूल प्रबंधक सुनील चौहान ने कहा- “बहुत ही दुखद घटना है, स्कूल परिवार दुखी है, प्रबंधन पीड़ित परिवार के साथ है। बच्चा दौड़ कर आ रहा था, जिससे ड्राइवर को दिखा नहीं और वह चपेट में आ गया।”

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
CO चौरी चौरा कुंदन सिंह ने बताया- “आज सुबह करीब 8:30 बजे हादसे की सूचना मिली थी। इसमें 5 साल के बच्चे हिमांशु की मौत हो गई। हिमांशु की मां सोनी की तहरीर पर ड्राइवर मनोज, टीचर रानी मिश्रा और स्कूल प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button