
मतदाता पंजीकरण कैंप का डीएम ने किया निरीक्षण, अनुपस्थित बीएलओ पर कार्रवाई के निर्देश
गाजीपुर।भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर ‘कोई मतदाता न छूटे’ अभियान के तहत शनिवार, 24 अक्टूबर को जनपद के सभी सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य विधानसभा निर्वाचन नामावली में पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करना रहा।इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने विधानसभा सदर क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय विशेश्वरगंज स्थित बूथ संख्या 251, 252 एवं 253 तथा कन्या प्राथमिक विद्यालय हेतिमपुर स्थित बूथ संख्या 193 और 194 का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता पंजीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित कार्मिकों को आवश्यक निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित कार्मिकों से फॉर्म-6 के माध्यम से प्राप्त हो रहे आवेदनों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि अधिक से अधिक पात्र महिला मतदाताओं और युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक जानकारी के अभाव या किसी अन्य कारण से मतदाता पंजीकरण से वंचित न रह जाए।निरीक्षण के दौरान बीएलओ जयहरि के अनुपस्थित मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एसडीएम सदर को संबंधित बीएलओ के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण एवं पंजीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में तैनात कार्मिकों की उपस्थिति और जिम्मेदारी का निर्वहन आवश्यक है, ताकि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर आवेदन करें। आवेदन के साथ आवश्यक विवरण एवं निर्धारित प्रमाण प्रस्तुत किए जा सकते हैं। मतदाता पंजीकरण के लिए ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।इसके लिए नागरिक निर्वाचन आयोग के पोर्टल https://voters.eci.gov.in तथा ECINET ऐप का उपयोग कर सकते हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में कोई भी पात्र मतदाता, विशेषकर युवा एवं पहली बार मतदान करने वाला नागरिक, पंजीकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को अभियान के दौरान सक्रियता से कार्य करते हुए मतदाता सूची को अद्यतन बनाने और पात्र नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



