अजय राय को पुलिस ने पकड़ा, घेरकर थाने ले गई: बोले- कोडीन में धनंजय को क्यों नहीं पकड़ा; गोंडा में कारोबारी परिवार से मिलने जा रहे थे
बाराबंकी बॉर्डर पर शहावपुर टोल प्लाजा के पास बैरिकेडिंग कर पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। इससे अजय राय भड़क गए और पुलिस से उनकी बहस हो गई।

अजय राय को पुलिस ने पकड़ा, घेरकर थाने ले गई: बोले- कोडीन में धनंजय को क्यों नहीं पकड़ा; गोंडा में कारोबारी परिवार से मिलने जा रहे थे
गोंडा / बाराबंकी। कारोबारी विनोद साहनी हत्याकांड में पीड़ित परिवार से मिलने गोंडा जा रहे यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने रोक लिया और हिरासत में लेकर थाने ले गई।
शनिवार दोपहर अजय राय 6 गाड़ियों के काफिले के साथ गोंडा जा रहे थे। बाराबंकी बॉर्डर पर शहावपुर टोल प्लाजा के पास बैरिकेडिंग कर पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया। इससे अजय राय भड़क गए और पुलिस से उनकी बहस हो गई।
गुस्से में बोले – लिखित आदेश दिखाओ
पुलिस से बहस के दौरान अजय राय ने कहा-
> “लिखित आदेश है तो दिखाओ। परिवार से मिलने से क्यों रोका जा रहा है? मैं परिवार का दुख बांटने जा रहा हूं। कोडीन कफ सिरप मामले में बाहुबली धनंजय सिंह का तुम लोगों ने क्या कर लिया? आज तक उन्हें पकड़ नहीं पाए। हमको रोक रहे हो।”
अजय राय आगे जाने पर अड़े रहे। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और मसौली थाने लेकर पहुंची। थाने पहुंचते ही वह धरने पर बैठ गए। जानकारी मिलते ही गोंडा और बाराबंकी के करीब 200 कांग्रेसी कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए। करीब डेढ़ घंटे तक थाने में हंगामा और धरना चलता रहा। बाद में दोपहर 3:30 बजे पुलिस के समझाने पर अजय राय ने धरना समाप्त किया और लखनऊ लौट गए।
गोंडा में कई कांग्रेसी नेता नजरबंद
अजय राय ने शुक्रवार को ही गोंडा जाने का ऐलान किया था, जिसके बाद पुलिस अलर्ट हो गई थी। शहावपुर टोल प्लाजा पर बैरिकेडिंग कर 100 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। दोपहर 1:20 बजे काफिला पहुंचा तो सीओ करनैलगंज और कोतवाल नरेंद्र प्रताप ने उसे रोक लिया।
वहीं गोंडा में कई कांग्रेसी नेताओं को उनके घर पर ही नजरबंद कर दिया गया। गोंडा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद मिश्रा ने कहा- “हम लोग परिवार से मुलाकात जरूर करेंगे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने हमें परेशान करना शुरू कर दिया है। किसी भी हालत में हम पीड़ित परिवार के घर जरूर जाएंगे।”



