प्रेम प्रसंग को मिली सामाजिक स्वीकृति, जखनिया शिव मंदिर में संपन्न हुआ प्रेमी युगल का विवाह,दोनों पक्षों की सहमति एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में संपन्न हुई शादी, नवदंपति को मिला आशीर्वाद

प्रेम प्रसंग को मिली सामाजिक स्वीकृति, जखनिया शिव मंदिर में संपन्न हुआ प्रेमी युगल का विवाह,दोनों पक्षों की सहमति एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में संपन्न हुई शादी, नवदंपति को मिला आशीर्वाद

जखनिया (गाजीपुर)। तहसील जखनिया अंतर्गत जखनिया स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में मंगलवार देर शाम एक प्रेमी युगल का विवाह सामाजिक एवं पारिवारिक सहमति के साथ संपन्न कराया गया। विवाह समारोह में दोनों पक्षों के परिजन, ग्राम प्रधान, क्षेत्र के गणमान्य लोग तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना शादियाबाद क्षेत्र के ग्राम सभा खेतापुर निवासी प्रदीप कुमार (24 वर्ष), पुत्र शंभू राम, का प्रेम प्रसंग भुड़कुडा़ थाना क्षेत्र के ग्राम बिजहरी ओडासन, निवासी चांदनी (23 वर्ष), पुत्री जयराम, के साथ काफी समय से चल रहा था। दोनों के संबंधों की जानकारी जब परिवारजनों को हुई तो मामला आपसी बातचीत के बाद थाने तक पहुंचा।बताया जाता है कि मामले को लेकर दोनों पक्षों के परिजनों, ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र के सम्मानित लोगों की मौजूदगी में काफी देर तक वार्ता हुई। इसके बाद दोनों परिवारों ने युवती और युवक की इच्छा का सम्मान करते हुए आपसी सहमति से विवाह कराने का निर्णय लिया।निर्धारित सहमति के अनुसार जखनिया शिव मंदिर में वैदिक रीति-रिवाज एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ दोनों का विवाह संपन्न कराया गया। विवाह के दौरान वर-वधू ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई तथा सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने नवदंपति को सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद प्रदान किया।इस अवसर पर ग्राम प्रधान, डॉ. ओमप्रकाश यादव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि धर्मेंद्र यादव, वीरेंद्र यादव, नान्हूराम, श्यामलाल, रामसेवक, रामकिशुन, क्षेत्र पंचायत सदस्य सबलू अंसारी, एडवोकेट प्रभाकर सहित वर पक्ष व वधू पक्ष के लोग व क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।



