भारत

वृहद वृक्षारोपण अभियान-2026 को जनआंदोलन बनाने पर जोर,जिलाधिकारी ने विभागवार लक्ष्यों की समीक्षा कर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति के दिए निर्देश

— वेद प्रकाश पांडेय

जिला संवाददाता, गाजीपुर

वृहद वृक्षारोपण अभियान-2026 को जनआंदोलन बनाने पर जोर,जिलाधिकारी ने विभागवार लक्ष्यों की समीक्षा कर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति के दिए निर्देश

गाजीपुर, 09 जून 2026। जनपद में प्रस्तावित वृहद वृक्षारोपण अभियान-2026 की तैयारियों एवं लक्ष्य प्राप्ति को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने की, जबकि मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद भी मौजूद रहे। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर अपने-अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी दी।बैठक के दौरान शासन द्वारा जारी नवीन संशोधित शासनादेश के अनुरूप जनपद को आवंटित वृक्षारोपण लक्ष्य की समीक्षा की गई तथा विभागवार संशोधित लक्ष्य निर्धारित किए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानते हुए जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही वृक्षारोपण के लिए भूमि चिन्हांकन, गड्ढों की खुदाई, पौधों की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था तथा रोपित पौधों के संरक्षण संबंधी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि लगाए गए पौधों के जीवित रहने की दर भी अधिकतम सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके लिए नियमित निगरानी एवं संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था की जाए।बैठक में उपायुक्त मनरेगा को निर्देशित किया गया कि अमृत सरोवरों के आसपास, सिंचाई विभाग की खाली पड़ी भूमि, चयनित वीआईपी ग्राम पंचायतों तथा विद्यालय परिसरों में अधिक से अधिक पौधारोपण कराया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों का चयन किया जाए जहां पौधों के संरक्षण और विकास की बेहतर संभावनाएं हों।इसके अतिरिक्त सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने आवंटित स्थलों का तत्काल सत्यापन कर आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, भूजल स्तर में सुधार तथा जनपद में हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान को प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाया जाए।उन्होंने सभी अधिकारियों को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित समयावधि के भीतर समस्त तैयारियां पूरी करने के निर्देश देते हुए कहा कि वृक्षारोपण अभियान की सफलता जनपद के पर्यावरणीय भविष्य से जुड़ी हुई है।बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ), उपायुक्त मनरेगा, परियोजना निदेशक सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button