जखनिया, गाजीपुर : नहर में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, परिवार में मचा कोहराम

नहर में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत, परिवार में मचा कोहराम
जखनिया, गाजीपुर। जखनियां तहसील अंतर्गत ग्राम सभा कनुवान में गुरुवार सुबह उस समय मातम पसर गया, जब नहर में नहाने गए दो सगे भाइयों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, कनुवान निवासी जगत राम उर्फ जग्गू कनौजिया के पुत्र किशन कनौजिया (14 वर्ष) और शिवराज कनौजिया (13 वर्ष) गुरैनी-बलोरी स्थित नहर में अपने छोटे भाई अनंत राज के साथ नहाने गए थे। नहाने के दौरान शिवराज अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। छोटे भाई को बचाने के लिए बड़ा भाई किशन भी पानी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी गहरे पानी में समा गया। देखते ही देखते दोनों भाइयों की डूबने से मौत हो गई।
वहीं छोटा भाई अनंत राज किनारे नहा रहा था, जिससे उसकी जान बच गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि किशन कनौजिया कुसुम देवी इंटर कॉलेज में कक्षा 7 का छात्र था, जबकि शिवराज कक्षा 6 में पढ़ता था। मृतकों के पिता जगत राम उर्फ जग्गू पेशे से राजमिस्त्री हैं और मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। एक साथ दो बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही मां रीमा देवी बदहवास हालत में नहर पर पहुंचीं। दोनों बेटों के शव देखकर वह दहाड़ मारकर रोने लगीं और बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। पिता का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर एसडीएम जखनिया एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए गाजीपुर भेज दिया।



