Breaking Newsभारत

जखनिया/गाजीपुर : जखनिया क्षेत्र की सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग तेज

जखनिया क्षेत्र की सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग तेज

विभिन्न मार्गों की बदहाल स्थिति को लेकर एसडीएम को सौंपा गया ज्ञापन, कार्य शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी

जखनिया/गाजीपुर, 12 मई 2026। क्षेत्र की जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण एवं चौड़ीकरण की मांग को लेकर मंगलवार को क्षेत्रीय नागरिकों एवं समिति के प्रतिनिधियों ने उप जिलाधिकारी जखनिया को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। ज्ञापन के माध्यम से रामसिंहपुर मोड़ से सीखड़ी मार्ग तथा जखनिया से शादियाबाद मार्ग के चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण की मांग उठाई गई।

प्रतिनिधियों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) प्रांतीय खंड गाजीपुर द्वारा दोनों सड़कों का स्टीमेट तैयार किया जा रहा है। इस संबंध में जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपेक्षा जताई गई है तथा मोबाइल फोन के माध्यम से वार्ता भी हुई है।दूसरे ज्ञापन में जखनिया-जहीं रायपुर मार्ग का मुद्दा उठाया गया।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि उक्त सड़क का निर्माण वर्ष 2023 में पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन ठेकेदार कार्य अधूरा छोड़कर चला गया। उन्होंने कहा कि निर्माण पूर्ण करने के साथ-साथ चार वर्षों तक सड़क की मरम्मत की जिम्मेदारी भी संबंधित ठेकेदार की होती है।प्रतिनिधियों के अनुसार आरईएस विभाग के अधिशासी अभियंता द्वारा आश्वासन दिया गया है कि नए ठेकेदार के माध्यम से 15 जून से पहले कार्य शुरू करा दिया जाएगा। हालांकि समिति ने निर्माण कार्य शीघ्र शुरू न होने की स्थिति में सभी दलों एवं क्षेत्रीय लोगों को साथ लेकर जहीं रायपुर मार्ग पर धरना-प्रदर्शन एवं अनशन करने की चेतावनी दी है।

समिति ने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।उप जिलाधिकारी जखनिया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि दोनों ज्ञापनों को जिला प्रशासन को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए अवगत कराया जाएगा।ज्ञापन सौंपने वालों में देवनारायण सिंह, बृजेश कुमार गौतम, चंद्रभान सिंह, धर्मेंद्र कुमार चतुर्वेदी, राम रतन राम, सर्वानंद चौबे एवं सुरेंद्र मोहन राजभर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button