
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का 108वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, डीएम रहे मुख्य अतिथि
दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ, वित्तीय समावेशन और डिजिटल बैंकिंग में बैंक के योगदान की हुई सराहना
गाजीपुर, 12 नवंबर। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का 108वां स्थापना दिवस समारोह गुरुवार को गाजीपुर में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों, उद्यमियों, गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में ग्राहकों की उपस्थिति रही।समारोह का शुभारंभ जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्र प्रमुख गाजीपुर (पश्चिम) विनय शंकर, क्षेत्र प्रमुख गाजीपुर (पूर्व) मुकेश रमन तथा अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) राजदेव कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बैंक के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्राहकों को 108वें स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने और वित्तीय समावेशन को मजबूत बनाने में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का योगदान सराहनीय है। बैंकिंग सेवाओं के विस्तार से आम लोगों को आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।कार्यक्रम में क्षेत्र प्रमुख गाजीपुर (पूर्व) मुकेश रमन ने स्वागत संबोधन करते हुए बैंक की 108 वर्षों की गौरवशाली विकास यात्रा, डिजिटल बैंकिंग पहलों और ग्राहक केंद्रित सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 1919 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी द्वारा उद्घाटित यह बैंक आज आधुनिक तकनीक और बेहतर ग्राहक सेवाओं के माध्यम से देश की आर्थिक प्रगति में अपनी भूमिका निभा रहा है।वहीं क्षेत्र प्रमुख गाजीपुर (पश्चिम) विनय शंकर ने अपने संबोधन में कहा कि तेजी से बदलते बैंकिंग क्षेत्र में यूनियन बैंक तकनीकी नवाचार और आधुनिक सेवाओं के माध्यम से युवा पीढ़ी के बीच अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। उन्होंने सितंबर तिमाही के वित्तीय परिणामों की जानकारी साझा करते हुए विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में बैंक के कर्मचारियों और ग्राहकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।समारोह के दौरान बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष पांडेय का शुभकामना संदेश भी साझा किया गया। अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार ने मुख्य अतिथि जिलाधिकारी, आमंत्रित अतिथियों, सम्मानित ग्राहकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में बैंक की विकास यात्रा, आधुनिक बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय समावेशन के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया। समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।



