
पीएम केयर्स योजना के लाभार्थी बच्चों से डीएम ने किया संवाद, उपहार देकर बढ़ाया उत्साह
बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित
गाजीपुर, 12 नवंबर। पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के अंतर्गत गुरुवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपद के लाभार्थी बच्चों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और वर्तमान परिस्थितियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सभी लाभार्थी बच्चों को उपहार स्वरूप स्कूल बैग, डायरी, पेन, टी-शर्ट, कैप एवं मिठाई भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में अपना लक्ष्य निर्धारित करने की अपील की। डीएम ने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद बच्चों को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। शिक्षा और दृढ़ संकल्प के माध्यम से वे जीवन में सफलता की नई ऊंचाइयां प्राप्त कर सकते हैं।जिलाधिकारी ने बताया कि पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना का मुख्य उद्देश्य कोविड-19 महामारी के कारण अपने माता-पिता अथवा अभिभावक को खोने वाले बच्चों को संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनका भविष्य सुरक्षित करना है। सरकार की इस योजना के माध्यम से प्रभावित बच्चों को हर संभव सहयोग प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन भी योजना के लाभार्थियों की आवश्यकताओं और समस्याओं के प्रति संवेदनशील है तथा उन्हें शासन की ओर से मिलने वाली सुविधाओं एवं सहायता का लाभ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



