मक्का और मिलेट्स की खेती से किसानों की बढ़ेगी आमदनी, कृषक गोष्ठी में दी गई वैज्ञानिक जानकारी
जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने किसानों से मक्का की खेती को प्राथमिकता देने की अपील, 30 किसानों को वितरित की गई मसूर की निःशुल्क मिनीकिट

मक्का और मिलेट्स की खेती से किसानों की बढ़ेगी आमदनी, कृषक गोष्ठी में दी गई वैज्ञानिक जानकारी
जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने किसानों से मक्का की खेती को प्राथमिकता देने की अपील, 30 किसानों को वितरित की गई मसूर की निःशुल्क मिनीकिट
गाजीपुर, 12 नवंबर। जनपद में मक्का एवं श्रीअन्न (मिलेट्स) के उत्पादन को बढ़ावा देने तथा किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से गुरुवार को उद्यान विभाग परिसर में एक दिवसीय कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम योजना एवं मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित गोष्ठी में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं भाजपा जिला मंत्री सुमन बिन्द की उपस्थिति में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक और फसलों के बेहतर उत्पादन की जानकारी दी गई।गोष्ठी में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. डीके सिंह एवं डॉ. एसके सिंह ने किसानों को मक्का की वैज्ञानिक खेती, उन्नत उत्पादन तकनीक और बेहतर पैदावार प्राप्त करने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि मक्का आज के समय में बहुउपयोगी फसल बन चुकी है। इसका इस्तेमाल पशु आहार, औद्योगिक कच्चे माल, इथेनॉल उत्पादन के साथ ही मानव भोजन के रूप में भी किया जाता है। इसी बहुमुखी उपयोगिता के कारण मक्का को अनाजों की रानी कहा जाता है।जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने कृषि विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के सभी कृषि निवेश केंद्रों पर रबी सीजन की प्रमुख फसलों गेहूं, जौ, चना, मटर एवं मसूर के बीज उपलब्ध हैं। किसान निर्धारित प्रक्रिया के तहत बुकिंग कराने के बाद अंगूठा लगाकर बीज प्राप्त कर सकते हैं।वहीं, मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत कृषि वैज्ञानिक डॉ. रागिनी दुबे ने मोटे अनाजों के पोषण संबंधी महत्व तथा उनसे तैयार होने वाले विभिन्न व्यंजनों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को मिलेट्स से खीर सहित कई पौष्टिक व्यंजन तैयार करने की विधियों से भी अवगत कराया।कृषि विज्ञान केंद्र पीजी कॉलेज के अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार सिंह एवं कृषि विज्ञान केंद्र आकुशपुर के अध्यक्ष डॉ. डीपी सिंह ने किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक करते हुए पराली नहीं जलाने की अपील की। उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्रों की ओर से संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा रबी सीजन के लिए उपलब्ध बीजों के संबंध में भी जानकारी दी।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं भाजपा जिला मंत्री सुमन बिन्द ने 30 किसानों को मसूर के बीज की निःशुल्क मिनीकिट वितरित की। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने किसानों से मक्का की खेती को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि मक्का की मांग लगातार बनी हुई है और भविष्य में इसके उत्पादन से किसानों को अच्छी आमदनी प्राप्त हो सकती है। उन्होंने मिलेट्स की खेती को भी लाभकारी बताते हुए कहा कि इसमें उर्वरक एवं अन्य कृषि लागत अपेक्षाकृत कम आती है तथा बाजार में इसकी मांग भी अच्छी है। ऐसे में किसान मक्का और मिलेट्स दोनों फसलों की खेती पर विशेष ध्यान दें।कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला मत्स्य अधिकारी एवं जिला गन्ना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संबंधित विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई। वहीं, मिलेट्स से बने व्यंजनों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जनपद के प्रतिष्ठित प्रतिष्ठान श्री स्वीट की ओर से मिलेट्स की खीर एवं अन्य व्यंजनों का स्टॉल लगाया गया, जो गोष्ठी में आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।



