जखनियां (गाजीपुर) : मजदूरों के सवालों को उठाना ही सीताराम येचुरी को सच्ची श्रद्धांजलि

मजदूरों के सवालों को उठाना ही सीताराम येचुरी को सच्ची श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन की जिला कमेटी की बैठक में सदस्यता अभियान और आगामी कार्यक्रमों पर बनी रणनीति

जखनियां (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन, गाजीपुर जिला कमेटी की बैठक रविवार को हनुमान मंदिर स्वास्थ्य केंद्र, जखनियां में जिलाध्यक्ष राम अवध राम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की गतिविधियों, सदस्यता अभियान तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में जिला मंत्री ने संगठन की जिला स्तरीय गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ ही राज्य स्तर की रिपोर्ट भी सदस्यों के समक्ष रखी। इसके बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने क्रमवार अपनी-अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने पर जोर दिया।बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले में सदस्यता अभियान को 30 अगस्त तक पूरा किया जाएगा। साथ ही आगामी 5 सितंबर को लखनऊ में आयोजित राज्य काउंसिल की बैठक में जिले से कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।बैठक को संबोधित करते हुए बीबी सिंह ने कहा कि खेत मजदूरों और ग्रामीण मजदूरों के साथ-साथ वनवासी, दलित, राजभर, विश्वकर्मा, प्रजापति, बांसफोर सहित अन्य गरीब एवं वंचित समाज के लोगों के सवालों को मजबूती से उठाना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को जमीन, मनरेगा में रोजगार, आवास, शौचालय, पेंशन, आवागमन के लिए रास्ता, पानी, सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाएं दिलाने के लिए संघर्ष को और तेज किया जाएगा।उन्होंने कहा कि महंगाई, रोजगार, एससी-एसटी वर्ग के अधिकार तथा ग्रामीण गरीबों से जुड़े अन्य सवालों को गाजीपुर में मजबूती से उठाना ही कामरेड सीताराम येचुरी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। संगठन इन मुद्दों को लेकर गांव-गांव में लोगों को जागरूक करने और उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करने का काम करेगा।बैठक में 12 सितंबर 2026 को पूर्व महासचिव कामरेड सीताराम येचुरी की श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने को लेकर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों और गरीब, मजदूर एवं वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों को प्रभावी बनाने, अधिक से अधिक ग्रामीण मजदूरों को संगठन से जोड़ने तथा स्थानीय समस्याओं को प्रशासन के समक्ष उठाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।इस मौके पर कामरेड वीरेंद्र कुमार गौतम, राम अवध राम, रविंद्र कुमार, संजय विश्वकर्मा, अनीता देवी, पूनम देवी, राम अवध, पिंटू यादव सहित जिला कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



